सतना में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी, डेढ़ लाख के जेवर और नकदी ले गए बदमाश…

सतना। शहर के बदखर स्थित वार्ड क्रमांक 12 में अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरों ने पहले घर का ताला तोड़ा और फिर अंदर रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए जेवरों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए है। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर बाबूपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
भाई के गांव जाने पर दूसरे मकान में सो रहे थे सुरेश…जानकारी के अनुसार, मकान सुरेश मिश्रा का है। उनके भाई शिवनारायण रविवार को परिवार के साथ गांव गए हुए थे। इसी कारण सुरेश अपने भाई के घर पर सो रहे थे। इस दौरान उनका मकान सूना था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने ताला तोड़ा और घर में घुस गए।
बदमाशों ने अंदर रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी नकदी और सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। सोमवार सुबह चोरी का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस…सूचना मिलने पर बाबूपुर चौकी प्रभारी शुभम नागभिरे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। फिलहाल अज्ञात आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है।
#SatnaNews #SatnaCrime #CrimeNews #MaiharNews #RewanchalRoshni









