Edition

चित्रकूट दीपावली मेले में 50 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, 11 जोन में 64 मजिस्ट्रेट संभालेंगे व्यवस्था…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चित्रकूट दीपावली मेले में 50 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, 11 जोन में 64 मजिस्ट्रेट संभालेंगे व्यवस्था…

सतना। चित्रकूट में दीपावली अमावस्या के पांच दिवसीय मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 6 से 10 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में करीब 50 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

मध्यप्रदेश प्रशासन ने मेला क्षेत्र को 11 जोन में विभाजित किया है, जहां 64 कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। वहीं, उत्तरप्रदेश प्रशासन ने चित्रकूट को 8 जोन और 22 सेक्टरों में बांटकर व्यवस्थाएं निर्धारित की हैं।

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने 64 कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है। इनके साथ पटवारियों की भी तैनाती रहेगी। अधिकारी तीन पालियों में जिम्मेदारी संभालेंगे। सभी अधिकारियों को 5 नवंबर को अपने निर्धारित स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए बनाए दो अस्थायी पीपा पुल…

अगस्त में मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ के कारण हनुमानधारा को जोड़ने वाला बड़ा पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए दो अस्थायी पीपा पुल तैयार किए गए हैं। इनमें से दूसरा पुल भी बुधवार को बनकर तैयार हो गया।

क्षतिग्रस्त पुल पर रामसेतु की चित्रकारी की गई है। भरत घाट पर श्रद्धालुओं के लिए फ्लोटिंग की व्यवस्था की गई है। मंदाकिनी के घाटों पर एसडीईआरएफ के जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे।

वहीं, अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण असुरक्षित हुई गुप्त गोदावरी की गुफाएं फिलहाल बंद रहेंगी। श्रद्धालुओं के लिए यहां के सूक्ष्म दर्शन की ऑनलाइन व्यवस्था की गई है।

10 नवंबर तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित….

मेले के दौरान 6 से 10 नवंबर तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस ने ट्रकों और लोडर वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। इन्हें सोनौर चौराहा से सिंहपुर-कालिंजर और पिंडरा तिराहा से बरौंधा-खोही मार्ग की ओर भेजा जाएगा।

दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए 9 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। सतना की ओर से आने वाली बसों को मोकमगढ़ तिराहा स्थित अस्थायी बस स्टैंड पर खड़ा कराया जाएगा।

8 स्थानों पर 16 मेडिकल टीमें रहेंगी तैनात….

मेले में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 8 स्थानों पर 16 मेडिकल टीमें दो शिफ्टों में तैनात रहेंगी। करीब 50 स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला के अनुसार, मझगवां, कोठी, उचेहरा, बिरसिंहपुर और जिला अस्पताल मैहर में 5-5 बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

रोशनी और स्वागत द्वारों से सजाया गया चित्रकूट….

दीपावली मेले को लेकर धर्मनगरी चित्रकूट में जगह-जगह आकर्षक स्वागत द्वार बनाए गए हैं। प्रमुख मार्गों और स्थलों को रंगीन रोशनी से सजाया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि पांच दिवसीय मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित सुविधाएं मिल सकें।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!