मैहर में छोटे भाई ने बड़े भाई पर कुल्हाड़ी से किया हमला, इलाज के दौरान मौत…

किस्त वसूली के लिए आए कंपनी कर्मचारी को घर का पता बताने पर हुआ विवाद; बीच-बचाव में पत्नी और बेटा भी घायल

मैहर। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के हिनौती बघवार गांव में किस्त वसूली के लिए आए कंपनी कर्मचारी को घर का पता बताने को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि छोटे भाई रामकिंकर सोंधिया ने बड़े भाई रामायण सोंधिया पर धारदार टांगी (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामायण की रीवा के संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हमले में उनकी पत्नी सिया और बेटा अंकित भी घायल हुए हैं।
किस्त लेने पहुंचे कर्मचारी को बताया था पता…जानकारी के मुताबिक, वाहन की किस्त लेने के लिए एक कंपनी का कर्मचारी गांव पहुंचा था। उसने रामायण सोंधिया की पत्नी सिया से उनके छोटे भाई रामकिंकर के घर का पता पूछा। सिया ने कर्मचारी को पता बता दिया, जिसके बाद वह किस्त लेने रामकिंकर के पास पहुंचा।
बताया जा रहा है कि कर्मचारी के सामने घर का पता बताए जाने से रामकिंकर नाराज हो गया। इसी बात को लेकर वह बड़े भाई के घर पहुंचा और विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।
बीच-बचाव करने आए पत्नी-बेटे भी घायल…आरोप है कि विवाद के दौरान रामकिंकर ने धारदार टांगी से बड़े भाई रामायण पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने के लिए पत्नी सिया और बेटा अंकित बीच-बचाव करने पहुंचे, तो वे भी घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। रामायण सोंधिया की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी….घटना के बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। विवाद के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
#MaiharNews #SatnaNews #CrimeNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









