पन्ना की मडला घाटी में ट्रक खराब होने से 5 किमी लंबा जाम, एंबुलेंस समेत सैकड़ों वाहन फंसे…

पन्ना। पन्ना-छतरपुर मार्ग पर स्थित मडला घाटी में रविवार, 1 नवंबर को वाहनों के खराब होने से करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात प्रभावित हुआ। जाम में यात्री बसों, ट्रकों और निजी वाहनों के साथ एक एंबुलेंस भी फंसी रही।

ट्रक और बोलेरो खराब होने से बिगड़ी यातायात व्यवस्था…स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के बीच ट्रक खराब होने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। वहीं, मडला थाना प्रभारी बखत सिंह ने बताया कि ट्रक का सेल्फ खराब होने के कारण वह स्टार्ट नहीं हो पा रहा था। इसके अलावा एक बोलेरो कार भी बीच सड़क पर खराब हो गई थी। दोनों वाहनों के कारण घाटी में जाम की स्थिति बनी।
पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था….सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू कराने का प्रयास शुरू किया। थाना प्रभारी के मुताबिक, वाहनों को धीरे-धीरे निकालकर यातायात सामान्य कराया जा रहा था।
संकरी घाटी में बार-बार लगता है जाम….स्थानीय निवासी राज सिंह और बस चालक शनि खान के मुताबिक, घाटी का रास्ता संकरा होने के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है। रविवार को भी सैकड़ों वाहन फंसने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने और जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
#PannaNews #TrafficJam #MandlaValley #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









