Edition

नानाजी देशमुख की सेवा-साधना को नमन, भक्ति संगीत और मैहर वाद्यवृंद की सुरमयी प्रस्तुतियों के साथ चित्रकूट शरदोत्सव का भव्य समापन….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई के गायकों के भजनों पर झूमे श्रोता, मैहर वाद्यवृंद की जुगलबंदी ने बांधा समां; संतों और सांसदों ने नानाजी के योगदान को किया याद...

चित्रकूट। भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में आयोजित तीन दिवसीय शरदोत्सव का आज भव्य एवं सुरमयी समापन हुआ। संस्कृति संचालनालय मध्यप्रदेश द्वारा दीनदयाल शोध संस्थान तथा जिला प्रशासन सतना के सहयोग से आयोजित इस पारंपरिक नृत्य एवं गायिकी केंद्रित महोत्सव की अंतिम संध्या भक्ति, भारतीय शास्त्रीय संगीत और लोक संस्कृति के अनूठे संगम के नाम रही। मुंबई से आए गायकों की भजन प्रस्तुतियों और शासकीय संगीत महाविद्यालय मैहर के कलाकारों के ऐतिहासिक मैहर वाद्यवृंद ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में संत समाज, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र ऋषि भारत रत्न नानाजी देशमुख के योगदान का स्मरण करते हुए चित्रकूट के विकास और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके कार्यों को प्रेरणादायी बताया।

समापन संध्या का शुभारंभ भारत रत्न नानाजी देशमुख की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर श्री कामदगिरि पीठम के महंत श्री मदन गोपाल दास जी, फलाहारी आश्रम के महंत श्री रामप्यारे दास जी, पंजाबी भगवान आश्रम के महंत श्री रामदास नागा जी, महंत श्री दिनेश दास जी, रामसखा आश्रम के महंत श्री सच्चिदानंद जी, खाकी अखाड़ा के महंत श्री रामजन्म दास जी, रामानंद आश्रम के महंत श्री बलराम दास जी और सुदामा कुटी के महंत श्री रामलखन दास जी सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में नर्मदापुरम के सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी, सीधी के सांसद श्री राजेश मिश्रा, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसबीएस राजू, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के पूर्व कुलगुरु प्रो. कपिल देव मिश्रा, भोपाल विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री सुनील पांडे, सद्गुरु सेवा संघ के ट्रस्टी डॉ. इलेश जैन एवं श्रीमती ऊषा बी जैन, चित्रकूट के मुख्य विकास अधिकारी श्री डीपी पाल, पूर्व सांसद श्री रमेश द्विवेदी और श्री अशोक अर्गल, बांदा-चित्रकूट कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष श्री पंकज अग्रवाल, चित्रकूट के जिला कार्यवाह श्री अतुल सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सुदीप्ति श्रीवास्तव एवं श्री श्याम सुंदर मिश्रा, जनजाति कल्याण केंद्र डिंडोरी के उपाध्यक्ष डॉ. हरिशंकर मरकाम, तुलसी शोध संस्थान की निदेशक श्रीमती मंजूषा राजस जोहरी तथा महोबा के श्री भागीरथ नगाइच सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

नानाजी देशमुख के कार्यों को बताया समाजसेवा का अनुकरणीय मॉडल…. समापन समारोह को संबोधित करते हुए नर्मदापुरम के सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने राष्ट्र ऋषि नानाजी देशमुख का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि नानाजी के कृतित्व ने भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में नई चेतना जगाने का काम किया। उनकी ऊर्जा, विचारों और प्रेरणा से क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य विश्व के लिए अनुकरणीय मॉडल हैं। नानाजी ने सत्ता का मोह त्यागकर चित्रकूट को अपनी कर्मभूमि बनाया और वनवासी समाज में आत्मविश्वास जगाने के साथ स्वावलंबन की भावना को मजबूत किया।

सीधी के सांसद श्री राजेश मिश्रा ने कहा कि नानाजी देशमुख ने सेवा और मानव समाज के प्रति समर्पण का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का जो लक्ष्य रखा गया है, उसकी भावना के अनुरूप नानाजी ने चित्रकूट जैसे क्षेत्र में अपने कार्यों के माध्यम से ग्रामीण विकास और सामाजिक उत्थान का व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत किया।

संत समाज ने शरदोत्सव की परंपरा को बताया महत्वपूर्ण…. श्री कामदगिरि पीठम के महंत श्री मदन गोपाल दास जी ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि चित्रकूट की जागृति, समृद्धि और विकास में नानाजी देशमुख का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि मां मंदाकिनी में आई बाढ़ के बाद शरदोत्सव को स्थगित कर दिया गया था, लेकिन संत समाज के विशेष आग्रह पर आयोजक मंडल ने तीन दिवसीय आयोजन की परंपरा को बनाए रखा। यह महोत्सव चित्रकूट की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और लोक परंपराओं को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

मैहर वाद्यवृंद की जुगलबंदी ने मोहा मन…. शरदोत्सव की अंतिम संध्या में शासकीय संगीत महाविद्यालय मैहर के कलाकारों ने ऐतिहासिक मैहर वाद्यवृंद की मनमोहक प्रस्तुति दी। कलाकारों ने शास्त्रीय रागों, भारतीय लोक संगीत और पाश्चात्य शास्त्रीय धुनों का ऐसा संगम प्रस्तुत किया कि दर्शक-श्रोता भावविभोर हो उठे

प्रस्तुति में मैहर वाद्यवृंद के प्रमुख श्री सौरभ कुमार चौरसिया ने नलतरंग, श्री गोकर्ण पांडे उत्तम ने वायलिन, श्री कमल किशोर माहौल और डॉ. अशोक बाड़ोलिया ने तबला, श्री गौतम भारती ने हारमोनियम, श्री बृजेश कुमार द्विवेदी ने सरोद, श्री मोहम्मद अहमद खान ने सारंगी तथा श्री राम सुमन चौरसिया ने सितार पर शानदार संगत दी। विभिन्न वाद्ययंत्रों की सामूहिक प्रस्तुति ने भारतीय संगीत की समृद्ध परंपरा और मैहर की विशिष्ट संगीत विरासत को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा।

मुंबई के गायकों के भजनों से भक्तिमय हुई संध्या.. संगीतमय कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मुंबई से आए गायक श्रीराम अय्यर, नीव कनानी और सुश्री विदिता की भजन प्रस्तुतियां रहीं। श्री गणेश वंदना के साथ शुरू हुई भजन संध्या में कलाकारों ने देवा श्री गणेशा, अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम्, कभी राम बनके कभी श्याम बनके, अगड़ बम बगड़ बम बम लहरी, ‘पायो जी मैंने राम रतन धन पायो’ और राम राम जय राजा राम जैसे लोकप्रिय भजनों की मधुर प्रस्तुति दी। इन भजनों ने पूरे परिसर को भक्तिरस से सराबोर कर दिया और उपस्थित श्रोता संगीत की धुनों पर झूम उठे।

मुंबई से आई संगीत टीम में राहुल सिरिशकर ने ड्रम, अंकित सोनोने ने तबला, शुभम सेठ ने कीबोर्ड, आदित्य बुद्धा ने गिटार और रोहन खंगारे ने बांसुरी पर अपनी कला का प्रदर्शन किया। गायन और वाद्ययंत्रों की सुंदर संगत ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। पूरी संध्या में नृत्य, गीत और संगीत की त्रिवेणी को दर्शकों का भरपूर स्नेह और उत्साह मिला।

कलाकारों का अभिनंदन, सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश.… शरदोत्सव की समापन संध्या का संचालन श्री साकेत शुक्ला, श्री अशोक दीक्षित और श्रीमती रीना मालवीय ने मधुर एवं प्रभावशाली उद्घोषणा के साथ किया। कार्यक्रम के अंत में दीनदयाल शोध संस्थान के राष्ट्रीय संगठन सचिव श्री अभय महाजन ने सभी कलाकारों का अभिनंदन किया।

चित्रकूट का यह शरदोत्सव भारतीय परंपरागत संगीत, भक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता का सुंदर संगम बनकर सामने आया। नानाजी देशमुख की सेवा-साधना को स्मरण करते हुए संपन्न हुए इस आयोजन ने एक बार फिर चित्रकूट की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को रेखांकित किया।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!