Edition

चित्रकूट में पांच दिवसीय दीपदान मेले का शुभारंभ, 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना; सुरक्षा में तैनात रहेंगे 1,000 से अधिक जवान…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चित्रकूट में पांच दिवसीय दीपदान मेले का शुभारंभ, 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना; सुरक्षा में तैनात रहेंगे 1,000 से अधिक जवान…

सतना। धार्मिक नगरी चित्रकूट में शुक्रवार से पांच दिवसीय दीपदान मेले की शुरुआत हो रही है। मेले में करीब 40 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। मेला क्षेत्र में पुलिस, होमगार्ड और विशेष पुलिस अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।

मंदाकिनी घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम…हाल ही में आई बाढ़ के कारण मंदाकिनी नदी के कुछ घाटों पर गहराई बढ़ गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से कुछ घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रतिबंधित रखने का निर्णय लिया है। भरत घाट और राघव प्रयाग घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फ्लोटिंग की व्यवस्था की गई है।

नदी में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें जीवन रक्षक उपकरणों के साथ तैनात रहेंगी। परिक्रमा मार्ग और घाटों पर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। हनुमान धारा तक आवागमन के लिए पीपा पुल भी शुरू किया जाएगा। घाटों पर साफ-सफाई, रंग-रोगन और प्रकाश व्यवस्था का काम पूरा कर लिया गया है। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल…मेले की सुरक्षा के लिए मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। पुलिस व्यवस्था में दो एडिशनल एसपी, 8 डीएसपी, करीब दो दर्जन इंस्पेक्टर और एसएएफ की चार कंपनियां शामिल रहेंगी।

इसके अलावा अलग-अलग बटालियनों के जवान, प्रशिक्षु पुलिसकर्मी और अन्य जिलों से आए करीब 440 पुलिस जवानों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सतना पुलिस के 250 जवान, 150 होमगार्ड और 400 विशेष पुलिस अधिकारी भी मेला क्षेत्र में तैनात रहेंगे।

चोरी और पॉकेटमारी जैसी घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एडिशनल एसपी ग्रामीण प्रेमलाल कुर्वे संभालेंगे।

कलेक्टर और एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा…मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह ने चित्रकूट पहुंचकर प्रमुख घाटों, परिक्रमा मार्ग और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के मैदानी अमले को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं के लिए ऑटो का किराया निर्धारित….मेले के दौरान ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायतों को रोकने के लिए प्रशासन ने विभिन्न मार्गों के लिए प्रति व्यक्ति किराया निर्धारित किया है।

  • रजौला से बस स्टैंड रामघाट: 20 रुपये

  • हनुमानधारा से वन देवी: 10 रुपये

  • रजौला से शांतिधाम चौराहा: 20 रुपये

  • रजौला से सती अनुसुइया: 30 रुपये

  • सती अनुसुइया से गोदावरी: 30 रुपये

  • रजौला से गोदावरी: 30 रुपये

  • रजौला से हनुमानधारा: 30 रुपये

मोकमगढ़ तिराहे पर एक महीने तक लगेगा मेला…..श्रद्धालुओं की सुविधा और मनोरंजन के लिए मोकमगढ़ तिराहे पर एक महीने तक चलने वाले बाजार की व्यवस्था की गई है। यहां बच्चों के लिए झूले, खान-पान की दुकानें, कपड़े और सजावटी सामान की दुकानें लगाई गई हैं। श्रद्धालु धार्मिक कार्यक्रमों और परिक्रमा के साथ खरीदारी तथा मनोरंजन का भी आनंद ले सकेंगे।

#ChitrakootNews #DeepdanMela #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!