मैहर। शिक्षा, संस्कार और मातृशक्ति के सम्मान का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब अखिल भारतीय कूर्मि क्षत्रिय महासभा जिला इकाई मैहर द्वारा कटनी रोड स्थित पटेल मैरिज गार्डन (चिलौध) में भव्य प्रतिभा-जननी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। महासभा की राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष डॉ. रश्मि सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में हजारों लोगों की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

समारोह में सतना और मैहर जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के 1759 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। वर्ष 2025-26 की 10वीं, 12वीं और महाविद्यालयीन परीक्षाओं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मान देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता विद्यार्थियों के साथ उनकी माताओं का सम्मान रहा। बच्चों की सफलता में माताओं के योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें भी मंच पर सम्मानित किया गया। इस पहल ने समारोह को केवल प्रतिभा सम्मान तक सीमित न रखकर मातृशक्ति के गौरव और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाला आयोजन बना दिया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. रश्मि सिंह ने कहा कि शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और क्षेत्र की बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त कर डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि एवं महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटियार ने इस आयोजन को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि प्रतिभा और मातृशक्ति का एक साथ सम्मान युवाओं के मनोबल को नई ऊंचाई देता है। पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल ने भी आयोजन की सराहना करते हुए इसे अविस्मरणीय बताया।
कार्यक्रम में करियर मार्गदर्शन सत्र भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। देश के विभिन्न राज्यों से आए समाज के पदाधिकारियों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। अंत में भव्य प्रीतिभोज के साथ समारोह का समापन हुआ। शिक्षा, संस्कार और नारी सम्मान का संदेश देने वाला यह आयोजन मैहर के सामाजिक इतिहास में एक यादगार अध्याय बन गया।









