सतना में 14 आपराधिक मामलों के आरोपी से प्रतिबंधित रम जब्त, फोन पर करता था होम डिलीवरी…

सतना। आबकारी विभाग ने प्रतिबंधित बैच की ओल्ड मोंक रम की कथित तौर पर होम डिलीवरी करने वाले सुधीर उर्फ शीबू जायसवाल (25) को गिरफ्तार किया है। उतैली निवासी सुधीर के कब्जे से रम की दो बोतलें और बाइक समेत कुल 78 हजार 170 रुपए का सामान जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उस पर पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। विभाग अब उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित कर रहा है।

फोन पर ऑर्डर लेकर करता था रम की सप्लाई…
आबकारी उपनिरीक्षक आशीष वाटिया के मुताबिक, फरवरी 2026 बैच की ओल्ड मोंक रम की बिक्री प्रतिबंधित थी। आरोप है कि सुधीर ने मुनाफा कमाने के लिए ठेकेदार से मिलकर इस बैच की रम का स्टॉक किया था। वह फोन पर ग्राहकों से ऑर्डर लेकर उन्हें रम की सप्लाई करता था।
15 दिन पहले ग्राहक बनकर खरीदी थी रम…
आबकारी विभाग की टीम को मुखबिर से प्रतिबंधित रम की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद करीब 15 दिन पहले टीम ने फोन पर ऑर्डर देकर एक पेटी रम खरीदी। सैंपल की जांच में प्रतिबंधित बैच की पुष्टि होने के बाद विभाग ने कार्रवाई की योजना बनाई।
शनिवार शाम टीम ने जाल बिछाकर सुधीर को बाइक से दो बोतल रम ले जाते हुए पकड़ लिया। आरोपी के घर की तलाशी लेने पर अतिरिक्त स्टॉक नहीं मिला। विभाग ने रम और बाइक सहित कुल 78 हजार 170 रुपए का सामान जब्त कर लिया।
जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित…
आबकारी विभाग के अनुसार, सुधीर के खिलाफ पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
#SatnaNews #ExciseDepartment #OldMonkRum #CrimeNews #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni









