पन्ना में आबकारी विभाग की चार स्थानों पर कार्रवाई, 29 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त; चार पर केस दर्ज..

पन्ना। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। इस दौरान देशी मदिरा के 25 पाव और 25 लीटर महुआ की कच्ची शराब जब्त की गई। विभाग ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और हाथभट्टी भी बरामद की हैं। मामले में चार लोगों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जनकपुर में घर से मिली देशी शराब…आबकारी विभाग की पहली कार्रवाई पन्ना के वार्ड क्रमांक 28 स्थित जनकपुर में हुई। आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय की टीम ने सुनीता अहिरवार के घर पर दबिश दी। यहां से देशी मदिरा के 25 पाव, यानी करीब 4.5 बल्क लीटर शराब बरामद की गई। इसकी अनुमानित कीमत 1,900 रुपये बताई गई है।
तीन गांवों में महुआ की कच्ची शराब जब्त…दूसरी कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र के रकसेहा गांव में की गई। यहां रामप्रसाद गौंड के मकान के पीछे बने बाड़े से 12 लीटर महुआ की कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1,800 रुपये बताई गई है।
तीसरी कार्रवाई कृष्णा कल्याणपुर गांव में हुई। यहां कल्ली आदिवासी के घर से 5 लीटर महुआ की कच्ची शराब और उसे बनाने के उपकरण जब्त किए गए। इसकी कीमत करीब 750 रुपये आंकी गई।
वहीं, चौथी कार्रवाई बृजपुर थाना क्षेत्र के भमका गांव में सीताराम कोरी के घर पर की गई। यहां से 8 लीटर महुआ की कच्ची शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,200 रुपये बताई गई है।
आबकारी अधिनियम के तहत चार प्रकरण दर्ज…आबकारी विभाग के अनुसार, यह अभियान आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और पन्ना कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर चलाया जा रहा है। उपायुक्त आबकारी सागर संभाग आलोक खरे के मार्गदर्शन तथा जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
विभाग ने चारों मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की है।
#PannaNews #ExciseDepartment #IllegalLiquor #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









