डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने पत्नी के साथ मैहर में मां शारदा के दर्शन किए, नवरात्र मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा…

मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मंगलवार सुबह पत्नी के साथ मैहर पहुंचे। यहां उन्होंने त्रिकूट पर्वत स्थित मां शारदा मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने पूजा-अर्चना की और आरती में शामिल हुए।

मंदिर परिसर में पहुंचने पर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और पुजारियों ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट किया गया। मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी के साथ जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल भी मौजूद रहे।
नवरात्र मेले की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण….मां शारदा के दर्शन के बाद उप मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्र मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान पेयजल, छाया, स्वास्थ्य सेवाओं, दर्शन के लिए कतार प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर जोर…..उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने के साथ प्रशासन, पुलिस और मंदिर प्रबंध समिति के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।
नवरात्र के अवसर पर मां शारदा धाम में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में मेला क्षेत्र में सुचारू आवागमन, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
#Maihar #MaaSharda #RajendraShukla #Navratri #Satna #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni









