Edition

सतना जिला अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत, इंजेक्शन के बाद हालत बिगड़ने का आरोप; डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना जिला अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज…

सतना। सतना जिला अस्पताल में शुक्रवार देर रात प्रसव के दौरान 20 वर्षीय महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि महिला को इंजेक्शन लगाए जाने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार दोपहर डॉक्टरों के पैनल ने महिला का पोस्टमार्टम किया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया भी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सिविल सर्जन से पूरे मामले की जानकारी ली और घटनाक्रम के संबंध में जानकारी जुटाई।

मैहर से सतना रेफर हुई थी महिला

जानकारी के मुताबिक, दीपांजलि साकेत (20) अपने पति शिवा साकेत के साथ मैहर जिले के भदनपुर की रहने वाली थीं। उन्हें 16 सितंबर की रात सिविल अस्पताल मैहर से सतना जिला अस्पताल रेफर किया गया था। रात करीब 11:30 बजे वह सतना जिला अस्पताल पहुंचीं। इसके बाद 17 सितंबर को दोपहर 2:17 बजे उन्हें प्रसूता वार्ड में भर्ती किया गया। यह उनका पहला प्रसव था।

प्रसव के दौरान मृत पैदा हुआ बच्चा

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर की रात करीब 11:20 बजे दीपांजलि ने लेबर रूम में मृत बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद अचानक उनका ब्लड प्रेशर गिरने लगा और सांस लेने में परेशानी होने लगी। हालत गंभीर होने पर उन्हें हाई डिपेंडेंसी यूनिट में ले जाकर वेंटिलेटर सपोर्ट दिया गया, लेकिन रात करीब 11:30 बजे उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने इंजेक्शन के बाद हालत बिगड़ने का लगाया आरोप

मृतका के पिता राजकुमार साकेत का आरोप है कि दीपांजलि को इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उन्हें तेज दर्द हुआ और उनकी हालत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें लेबर रूम ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। परिजनों ने ड्यूटी स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दीपांजलि को उल्टी होने के बाद ड्यूटी नर्स ने इंजेक्शन लगाया था। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई। सीनियर रेजिडेंट डॉ. स्वाति ने प्रसव कराया था, जिसमें बच्चा मृत पैदा हुआ। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर सपोर्ट दिया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

जिला अस्पताल के गायनिक विभाग की एचओडी डॉ. मंजू सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और मृतका की केस हिस्ट्री की जानकारी जुटाई जा रही है। महिला का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल मामले में परिजनों के आरोपों और अस्पताल प्रबंधन की ओर से जुटाई जा रही केस हिस्ट्री के आधार पर जांच आगे बढ़ रही है।

#Satna #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni #DistrictHospital

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!