सतना में कांग्रेस की ब्लॉक कमेटी सूची पर विवाद, भाजपा कार्यकर्ता और दिवंगत नेता को बनाया उपाध्यक्ष…

सतना में जिला कांग्रेस कमेटी की ब्लॉक कमेटियों की सूची जारी होने के बाद दो नामों को लेकर विवाद सामने आया है। नागौद विधानसभा क्षेत्र के परसमानिया ब्लॉक में भाजपा कार्यकर्ता शिवदत्त पांडे का नाम उपाध्यक्ष के पद पर दर्ज किया गया है। वहीं, रामपुर बघेलान के चोरहटा ब्लॉक की सूची में दिवंगत जमुना प्रसाद तिवारी को भी उपाध्यक्ष बनाया गया है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने इसे लिपिकीय त्रुटि बताया है।

भाजपा कार्यकर्ता ने कांग्रेस से संबंध होने से किया इनकार…परसमानिया ब्लॉक की सूची में शिवदत्त पांडे का नाम उपाध्यक्ष के रूप में शामिल है। शिवदत्त पांडे ने कांग्रेस से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार करते हुए खुद को भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता बताया है। उनके नाम को लेकर सूची की तैयारियों और सत्यापन प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
दिवंगत नेता का नाम भी सूची में शामिल…चोरहटा ब्लॉक की सूची में जमुना प्रसाद तिवारी का नाम उपाध्यक्ष के पद पर दर्ज है। बताया गया है कि 3 सितंबर को सड़क हादसे में उनका निधन हो चुका है। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, सूची जुलाई में केंद्रीय संगठन को भेजी गई थी। उनका कहना है कि निधन की जानकारी बाद में मिली, लेकिन सूची में संशोधन नहीं हो सका।
भाजपा ने कांग्रेस संगठन पर साधा निशाना…भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अतुल सिंह परिहार ने बयान जारी कर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दूसरे दल के कार्यकर्ता और दिवंगत व्यक्ति का नाम पदाधिकारियों की सूची में शामिल होना कांग्रेस की संगठनात्मक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल, दोनों नामों को लेकर सूची में हुई गलतियों का मामला चर्चा में है। कांग्रेस की ओर से इन्हें लिपिकीय त्रुटि बताया गया है।
#SatnaNews #Congress #BJP #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









