सतना। नगर निगम क्षेत्र के जोन क्रमांक-1 में कथित रूप से घटिया गुणवत्ता की डामरीकृत सड़क निर्माण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता अरुण पाण्डेय के नेतृत्व में धवारी जोन कार्यालय के सामने कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना देकर विरोध दर्ज कराया और नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में कई स्थानों पर मानकों के विपरीत सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उनका कहना था कि निर्माण में डामर और इमल्शन का पर्याप्त उपयोग नहीं किया गया तथा सड़क की मोटाई (थिकनेस) का भी ध्यान नहीं रखा गया है, जिससे गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अरुण पाण्डेय ने कहा कि यदि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है। उन्होंने संबंधित सड़कों की तकनीकी जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जांच पर आने वाला खर्च भी वे स्वयं वहन करने को तैयार हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द जांच नहीं कराई गई तो कांग्रेस व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। इस अवसर पर आनंद चौरसिया, पुष्पेंद्र तिवारी, राजेश पाठक, सुनील चौधरी, गणेश चौधरी, अभि पाण्डेय, अखिलेश गुप्ता, रामप्रकाश गुप्ता, विक्कू शुक्ला, रवि तिवारी, गोलू गुप्ता सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की स्वतंत्र जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।









