सतना। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कृपालपुर स्थित टमस नदी तट पर नगर पालिक निगम सतना एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान में करीब 100 लोगों ने श्रमदान कर नदी तट की साफ-सफाई की और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सुबह शुरू हुए इस अभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, स्थानीय नागरिकों, नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने तमस नदी के किनारे फैले कचरे को एकत्रित कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया। इसके साथ ही पिल्टा फॉर्म एवं करंज प्रजाति के 40 पौधों का रोपण कर हरित वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

अभियान के दौरान स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने, पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प कराया गया।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन तक सीमित विषय नहीं हैं, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से प्रकृति संरक्षण और जल स्रोतों की स्वच्छता के लिए निरंतर योगदान देने की अपील की। नगर निगम आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना ने भी जनभागीदारी को ऐसे अभियानों की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए लोगों से नियमित रूप से स्वच्छता गतिविधियों में जुड़ने का आग्रह किया।
अभियान में नगर निगम के अधिकारियों, स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े पदाधिकारियों, एनएसएस के स्वयंसेवकों तथा स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। तमस तट पर आयोजित यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास साबित हुआ।









