पुलिस प्रशासन को दो टूक चेतावनी, शराब माफियाओं से मिलीभगत करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग…..
चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में प्रतिबंध के बावजूद अवैध शराब की पैकारी को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से अवैध शराब की बिक्री बढ़ी है। इससे नाराज लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
मामले पर चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के नेता एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष राव प्रबल श्रीवास्तव ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब की पैकारी की शिकायतें उनके पास भी लगातार पहुंच रही हैं। यदि पुलिस विभाग के निचले स्तर पर किसी कर्मचारी की शराब माफियाओं से मिलीभगत सामने आती है, तो इसे तत्काल रोका जाना चाहिए।
राव प्रबल श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहा कि बिना पुलिस प्रशासन की सहभागिता के इस तरह की गतिविधियां चलना संभव नहीं लगता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी कांस्टेबल या अन्य कर्मचारी की संलिप्तता प्रमाणित होती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। अन्यथा इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
उन्होंने धर्मनगरी की धार्मिक मर्यादा का हवाला देते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि चित्रकूट में अवैध शराब की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब आगे देखना होगा कि प्रशासन इस चेतावनी और क्षेत्रवासियों की शिकायतों पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है……