Edition

नीट मुद्दे पर मुख्यमंत्री निवास घेराव, एनएसयूआई कार्यकर्ता गिरफ्तार…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपाल। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, छात्र हितों की उपेक्षा और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अव्यवस्थाओं के विरोध में मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने पहुंचे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का उपयोग किया और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में छात्र और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव आनंद पांडे सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए। संगठन का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों के साथ बलपूर्वक व्यवहार किया गया और उन्हें हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया।

एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। संगठन के अनुसार नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में सामने आए विवादों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है, जिसके विरोध में यह आंदोलन किया गया।

प्रदेश महासचिव आनंद पांडे ने कहा कि छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए एनएसयूआई का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दमनकारी रवैया अपनाकर छात्र हितों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। संगठन ने शिक्षा में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और छात्र अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें