Edition

चित्रकूट में मुख्यमंत्री ने किया दीपदान, संतों का लिया आशीर्वाद, महाकाल लोक की तर्ज पर चित्रकूट में बनेगा भव्य वनवासी राम लोक, ओरछा में रामराजा लोक का निर्माण : मुख्यमंत्री…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना/चित्रकूट। दीपावली के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने मां मंदाकिनी के पंचवटी घाट पर दीपदान कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने भगवान कामतानाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करने के साथ प्राचीन मुखारबिंद के दर्शन भी किए।

मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम के संत समाज से भेंट कर शाल, श्रीफल एवं अंगवस्त्र भेंटकर उनका सम्मान किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन और सह संगठन सचिव अनिल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में सतना सांसद गणेश सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

पर्यटन नहीं, तीर्थाटन की भावना से धार्मिक स्थलों का विकास…. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों का विकास केवल पर्यटन की दृष्टि से नहीं, बल्कि तीर्थाटन की भावना से कर रही है। उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर ओरछा में रामराजा लोक और चित्रकूट में भव्य वनवासी राम लोक का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चित्रकूट भगवान श्रीराम की तपोभूमि है, जहां उन्होंने वनवास काल के 11 वर्ष से अधिक समय बिताया। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश की आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन में गुरु सांदीपनि से ज्ञान प्राप्त किया, जबकि ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य को अपने गुरु मिले। धार्मिक स्थलों का विकास श्रद्धालुओं की आस्था और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम है।

चित्रकूट से गुप्त गोदावरी तक फोरलेन का भूमिपूजन…. मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम से गुप्त गोदावरी तक बनने वाली फोरलेन सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर शुभारंभ किया। इस परियोजना से चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए पीपा पुल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सड़क किनारे चाय पी, बच्चों से खरीदे दीपक… चित्रकूट प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री का सहज और सरल अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने सड़क किनारे लगी चाय की दुकान पर रुककर कुल्हड़ वाली चाय पी और श्रद्धालुओं से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने दीपक बेच रहे बच्चों से बातचीत की और उनसे दीपक खरीदकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर मिठाई भी बांटी और पर्व की खुशियां साझा कीं।

स्वास्थ्य शिविर का लिया जायजा…. मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आकस्मिक चिकित्सा सुविधा के लिए बनाए गए स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों से श्रद्धालुओं को दी जा रही उपचार सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों के साथ सेल्फी भी ली।

बच्चों को बांटे दीपावली के उपहार… दीपोत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बच्चों को दीपावली के उपहार दिए और उनसे आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आमजन को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद…. कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन अध्यक्ष संजय नागाइच, चित्रकूट विकास प्राधिकरण अध्यक्ष विजय यादव, दीनदयाल शोध संस्थान संगठन सचिव अभय महाजन, सह संगठन सचिव अनिल अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष राव प्रबल श्रीवास्तव, रीवा संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत चौहान, कलेक्टर डॉ. सतीष कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सपना त्रिपाठी, नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौडा, अपर कलेक्टर विकास सिंह सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, संत समाज और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

@DrMohanYadav @CMOfficeMP @JansamparkMP @GaneshSinghMP @PratimaBagri

#चित्रकूट #दीपावली #मंदाकिनी #दीपदान #वनवासी_राम_लोक #रामराजा_लोक #मुख्यमंत्री_मोहन_यादव #JansamparkMP

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!