सतना में धनतेरस पर 77 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार, 9 किलो सोना और 73 किलो चांदी के आभूषण बिके; 2 हजार दोपहिया और 155 कारों की डिलीवरी…

धनतेरस के अवसर पर सतना जिले के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों के बावजूद जिले में 77 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान है। सराफा बाजार में करीब 9 किलो सोने और 73 किलो से अधिक चांदी के आभूषणों की बिक्री हुई। सुबह से देर रात तक बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बनी रही।
सराफा बाजार में हल्के वजन की ज्वेलरी की मांग…पन्नीलाल चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, बिहारी चौक, रीवा रोड और सेमरिया चौक सहित प्रमुख बाजारों में खरीदारी का माहौल रहा। सोने की कीमतों में तेजी के चलते ग्राहकों ने हल्के वजन की चेन, अंगूठी, इयररिंग्स और डिजाइनर ज्वेलरी को प्राथमिकता दी। वहीं, चांदी के सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं की भी मांग रही।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी हुई जमकर खरीदारी….धनतेरस पर वाहन बाजार में भी अच्छी बिक्री दर्ज की गई। जिले में करीब 2 हजार दोपहिया वाहनों और 155 से अधिक कारों की डिलीवरी दी गई। इसके अलावा 55 से ज्यादा ट्रक और बस की चेसिस भी ग्राहकों को सौंपी गईं। इनमें अधिकांश वाहनों की बुकिंग पहले ही हो चुकी थी और धनतेरस के शुभ मुहूर्त में उनकी डिलीवरी की गई।
कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद लोगों ने धनतेरस पर सोना, चांदी और नए वाहन खरीदने में उत्साह दिखाया। इससे जिले के व्यापारिक बाजारों में दिनभर रौनक बनी रही।
#SatnaNews #Dhanteras2026 #BusinessNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









