Edition

गंदे पानी, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं पर ब्राह्मण महासभा का हुंकार, सैकड़ों युवाओं के साथ नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, सात दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। शहर में गंदे पेयजल, जल प्रदूषण, अव्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष पंडित रविकांत तिवारी ‘रज्जन’ के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान रीतेश त्रिपाठी, धीरू मिश्रा, शेरू सिंह, मोंटी सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पिछले कई महीनों से शहर के विभिन्न वार्डों में बदबूदार और कीचड़युक्त पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। उल्टी-दस्त, पीलिया और अन्य जलजनित बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं, जबकि नगर निगम समस्या के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

ब्राह्मण महासभा ने मांग की है कि सात दिनों के भीतर शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, दूषित पानी के कारण बीमार हुए परिवारों की मदद की जाए तथा अब तक वसूले गए पानी के बिलों की समीक्षा की जाए। ज्ञापन में शहर के विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण हटाने, बाजार क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था सुधारने तथा स्मार्ट सिटी और नगर निगम से जुड़े विकास कार्यों में खर्च हुई राशि का सार्वजनिक हिसाब देने की भी मांग उठाई गई।

पंडित रविकांत तिवारी ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक समाज की नहीं, बल्कि पूरे शहर के नागरिकों के हितों की है। यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम जनता के साथ सड़क पर उतरकर व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के बाद युवाओं ने नगर निगम से जनहित के मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि अब जनता मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें