सतना। कुख्यात डकैत शिवकुमार कुर्मी उर्फ ददुआ को सोशल मीडिया पर पुण्यात्मा, दस्यु हृदय सम्राट, परम आदरणीय, और किंग मेकर जैसे शब्दों के साथ श्रद्धांजलि देने वाले भाजपा नेताओं की पोस्ट ने जिले की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है।

सवाल सिर्फ एक पोस्ट का नहीं, बल्कि उस संदेश का है जो समाज तक पहुंचता है। वर्षों तक हत्या, अपहरण, लूट और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों के आरोपों से जुड़े रहे व्यक्ति के लिए सम्मानजनक शब्दों का इस्तेमाल होने पर आम लोगों के बीच भी तीखी चर्चा शुरू हो गई है।
वायरल पोस्ट साझा करने वालों में रामपुर बघेलान जनपद अध्यक्ष रावेंद्र सिंह पटेल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गीतेश्वर सिंह पटेल, विजय पटेल, सिद्धार्थ सिंह पटेल सहित अन्य नेताओं के नाम सामने आए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पांडेय ने इस मामले को निंदनीय बताते हुए कहा है कि जिन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ऐसी पोस्ट साझा की है, उनसे जवाब तलब किया जाएगा और संगठन स्तर पर मामले की समीक्षा होगी।
उधर, कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि यह जातिगत राजनीति का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी हिंसा और अपराध का समर्थन नहीं करती और किसी भी कुख्यात अपराधी का महिमामंडन स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां कैसी भी रही हों, हथियार उठाकर आतंक फैलाने वाले व्यक्ति को आदर्श के रूप में प्रस्तुत करना समाज के लिए गलत संदेश देता है।
अब जिले में चर्चा इस बात की है कि क्या कार्रवाई केवल नोटिस तक सीमित रहेगी या प्रदेश नेतृत्व अनुशासन के आधार पर कोई ठोस निर्णय भी लेगा। सोशल मीडिया पर कई लोग निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, अंतिम निर्णय संगठन के शीर्ष नेतृत्व को लेना है। यह मामला अब केवल एक वायरल पोस्ट नहीं, बल्कि राजनीतिक जवाबदेही और संगठनात्मक अनुशासन की भी परीक्षा बन गया है।











