रीवा में कल्पना मिश्रा और नवजात की मौत की जांच रिपोर्ट का इंतजार, दो महीने बाद पिता पहुंचे कलेक्ट्रेट….

रीवा के संजय गांधी अस्पताल में कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की मौत के करीब दो महीने बाद भी परिवार को मजिस्ट्रियल जांच रिपोर्ट का इंतजार है। 26 अगस्त को इलाज के दौरान दोनों की मौत हुई थी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार डॉक्टरों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। बुधवार, 28 अक्टूबर को कल्पना के पिता रामशिरोमणि मिश्रा जांच रिपोर्ट की जानकारी लेने कलेक्ट्रेट पहुंचे।
4 सितंबर को दिए गए थे मजिस्ट्रियल जांच के आदेश….मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के निर्देश पर कलेक्टर ने 4 सितंबर को मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए थे। जांच की जिम्मेदारी सिरमौर एसडीएम दृष्टि जायसवाल को सौंपी गई थी। उन्हें सात बिंदुओं पर जांच कर एक महीने के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।

इलाज और स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका की होनी थी जांच….जांच में गर्भावस्था के दौरान किए गए परीक्षणों, अस्पताल में भर्ती होने से लेकर मौत तक के घटनाक्रम और इलाज में शामिल डॉक्टरों व कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल की जानी थी। इसके अलावा परिजनों के आरोपों और राज्य स्तरीय तकनीकी जांच दल की रिपोर्ट को भी जांच में शामिल किया जाना था।
सितंबर में हुई थी सुनवाई…….जांच के सिलसिले में 12 से 24 सितंबर तक सुनवाई निर्धारित की गई थी। इस दौरान पीड़ित पक्ष, प्रत्यक्षदर्शियों और घटना से जुड़ी जानकारी रखने वाले लोगों को साक्ष्य और लिखित बयान प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था।
चार स्वास्थ्यकर्मियों पर हुई थी कार्रवाई…मामले में शुरुआती कार्रवाई के तहत दो डॉक्टरों और दो नर्सिंग अधिकारियों को निलंबित किया गया था। अस्पताल के तत्कालीन अधीक्षक को पद से हटाया गया था, जबकि मेडिकल कॉलेज के तत्कालीन डीन का तबादला किया गया था।

15 दिन आमरण अनशन पर बैठे थे पिता….जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर रामशिरोमणि मिश्रा 2 सितंबर से 16 सितंबर तक आमरण अनशन पर बैठे थे। 16 सितंबर को तबीयत बिगड़ने का हवाला देते हुए प्रशासन ने उन्हें धरना स्थल से हटाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था।
जांच रिपोर्ट नहीं मिलने पर उठाए सवाल…28 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट पहुंचे रामशिरोमणि मिश्रा ने कहा कि निर्धारित समय बीतने के बावजूद उन्हें जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। परिवार अब रिपोर्ट और मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है। फिलहाल जांच रिपोर्ट की स्थिति और उसे सार्वजनिक किए जाने को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।
#RewaNews #SanjayGandhiHospital #MedicalNegligence #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









