सतना में 4 क्विंटल संदिग्ध मिठाई जब्त, पंजाबी मोहल्ला में प्रशासन की छापेमारी…

सतना के पंजाबी मोहल्ला में मंगलवार देर शाम जिला प्रशासन, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 4 क्विंटल संदिग्ध मिठाई जब्त की। यह स्टॉक अमृत लाल नागदेव के मकान से मिला। जांच के दौरान मिठाइयों के पैकेट पर निर्माण और एक्सपायरी तारीख सहित जरूरी जानकारी दर्ज नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग ने अलग-अलग मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।
कलाकंद, मिल्क केक और बर्फी का स्टॉक मिला…कार्रवाई के दौरान टीम को मिल्क केक, कलाकंद और बर्फी के पैकेट मिले। प्रारंभिक जांच में शुद्ध कलाकंद और मिल्क केक के नाम पर स्किम्ड मिल्क पाउडर और पामोलिन तेल के इस्तेमाल की आशंका जताई गई है। हालांकि, मिठाइयों की गुणवत्ता और उनमें इस्तेमाल सामग्री की वास्तविक स्थिति प्रयोगशाला जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पैकेट पर नहीं मिली जरूरी जानकारी…जांच के दौरान मिठाइयों के पैकेट पर निर्माण तारीख, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और इस्तेमाल की गई सामग्री का विवरण दर्ज नहीं पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इसे लेबलिंग संबंधी नियमों के उल्लंघन से जुड़ा मामला माना है।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई…खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलग-अलग मिठाइयों के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई….यह कार्रवाई एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर व देवेंद्र कुमार दुबे की मौजूदगी में की गई।
प्रशासन ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट पर निगरानी रखने के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है।
#SatnaNews #FoodSafety #AdulterationCheck #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









