Edition

सतना में 10 भृत्यों को पूरा वेतन देने पर लिपिक निलंबित, ₹30 लाख की वित्तीय क्षति का आरोप….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना में 10 भृत्यों को पूरा वेतन देने पर लिपिक निलंबित, ₹30 लाख की वित्तीय क्षति का आरोप….

सतना में अनुकंपा नियुक्ति के नियमों की अनदेखी कर 10 भृत्यों को निर्धारित स्टायपेंड के बजाय पूरा वेतन दिए जाने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के तत्कालीन शाखा प्रभारी लिपिक हरीश सिंह को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में शासन को 30 लाख रुपये से अधिक की वित्तीय क्षति होने का अनुमान है। निलंबन की कार्रवाई संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, रीवा द्वारा की गई है।

जानकारी के अनुसार, मामला वर्ष 2019-20 से जुड़ा है। सामान्य प्रशासन विभाग ने 12 दिसंबर 2019 को जारी परिपत्र में अनुकंपा नियुक्ति पर भृत्य के पद पर नियुक्त कर्मचारियों को शुरुआती तीन वर्षों में क्रमशः 70, 80 और 90 प्रतिशत स्टायपेंड देने का प्रावधान किया था। आरोप है कि इस नियम का पालन किए बिना 10 कर्मचारियों को शुरुआत से ही पूरा वेतन दिया गया।

ग्राम पोस्ट बाबूपुर निवासी राजकुमार सिंह ने 4 नवंबर 2026 को संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, रीवा के समक्ष इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद संयुक्त संचालक कार्यालय ने 17 नवंबर को जिला शिक्षा अधिकारी, सतना से जवाब मांगा। विभाग ने 25 नवंबर को भेजे गए जवाब में स्वीकार किया कि संबंधित परिपत्र जारी होने के बाद भी 10 भृत्यों को अनुकंपा नियुक्ति में पूरा वेतन दिया गया।

इन कर्मचारियों में बलवीर सौर, शिवराज मांझी, मनीष कुमार वनवासी, देवेंद्र कुमार गौतम, राजकिशोर मिश्रा, चिराग पांडेय, अभिषेक रैकवार, रतनलाल आदिवासी, अजय रवि और दीपक बक्सी के नाम शामिल हैं। जांच के दौरान देवेंद्र कुमार गौतम के 15 फरवरी 2020 के नियुक्ति आदेश में जावक क्रमांक भी दर्ज नहीं पाया गया।

हरीश सिंह पर लापरवाही का आरोप…जांच में नियुक्ति आदेश जारी कराने की जिम्मेदारी तत्कालीन शाखा प्रभारी हरीश सिंह की बताई गई। संयुक्त संचालक ने उनके कृत्य को शासकीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, उदासीनता और मनमानीपूर्ण आचरण मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नागौद निर्धारित किया गया है।

10 भृत्यों से होगी अतिरिक्त वेतन की वसूली?

इस मामले में लिपिक पर निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन पूरा वेतन पाने वाले 10 भृत्यों के संबंध में अभी तक किसी कार्रवाई का आदेश सामने नहीं आया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों को लगभग 18 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा था। शुरुआती तीन वर्षों में निर्धारित स्टायपेंड और वास्तविक भुगतान के अंतर के आधार पर शासन को 30 लाख रुपये से अधिक की वित्तीय क्षति होने का अनुमान लगाया गया है।

अब बड़ा सवाल यह है कि नियमों के विपरीत किए गए अतिरिक्त भुगतान की जिम्मेदारी किसकी तय होगी और क्या संबंधित कर्मचारियों से अतिरिक्त राशि की वसूली की जाएगी? इस पर शिक्षा विभाग की आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।

#RewanchalRoshni #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #EducationDepartment #VindhyaNews

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!