Edition

झारखंड में मौसम का बदलेगा मिजाज, लातेहार में 7.5 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रांची
 झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. सुबह के समय राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है, जबकि दिन चढ़ने के साथ आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची स्थित मौसम केंद्र की ओर से 27 नवंबर को जारी ग्रामीण कृषि मौसम सेवा बुलेटिन में यह पूर्वानुमान जारी किया गया है. मौसम केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है.

27 नवंबर से 10 दिसंबर तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक सुबह हल्के से मध्यम कोहरे के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है. वहीं 2 और 3 दिसंबर को सुबह कोहरा या कुहासा छाने की संभावना जताई गई है. इस अवधि में बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है. 27 नवंबर से 10 दिसंबर तक के विस्तारित पूर्वानुमान में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है.

लातेहार में सबसे कम 7.5 डिग्री तापमान
मौसम केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में मौसम शुष्क रहा. इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस जगन्नाथपुर-एडब्ल्यूएस में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार-एडब्ल्यूएस में रिकॉर्ड हुआ. रांची में अधिकतम तापमान 24 से 26 और न्यूनतम 10 से 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 27 से 30 और न्यूनतम 15 से 21 डिग्री, डालटनगंज में 26 से 27 और 12 से 18 डिग्री, बोकारो में 25 से 27 और 12 से 17 डिग्री तथा चाईबासा में 28 से 31 और 12 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

धान की कटाई के बाद खेत में मिलाएं अवशेष
मौसम में बदलाव को देखते हुए मौसम केंद्र ने किसानों के लिए कृषि सलाह भी जारी की है. जिन खेतों में धान की फसल पक चुकी है, वहां किसानों को कटाई शुरू करने और इसके बाद दो से तीन दिन तक फसल को खेत में सुखाने की सलाह दी गई है. भंडारण से पहले धान को अच्छी तरह धूप में सुखाने और दानों में नमी करीब 12% रखने को कहा गया है. धान के बचे अवशेषों को खेत की मिट्टी में मिलाने से मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी और नमी का संरक्षण भी होगा. तापमान में गिरावट की आशंका को देखते हुए खड़ी फसलों में सुबह-शाम हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है.

गेहूं, दलहन और सब्जियों की खेती पर भी सलाह
जिन खेतों से खरीफ फसलों की कटाई पूरी हो चुकी है, वहां गेहूं की बुआई के लिए खेत तैयार करने को कहा गया है. मौसम विभाग ने सिंचित और असिंचित भूमि के लिए गेहूं की उन्नत किस्मों के इस्तेमाल की सलाह दिया है. किसानों को बुआई से पहले बीज उपचार करने की सलाह दी गई है. दलहनी फसलों में तीसी की बुआई के लिए प्रति एकड़ 8 से 10 किलोग्राम बीज की मात्रा बताई गई है. सब्जियों में पालक की नर्सरी तैयार करने, प्याज की फसल में जरूरत के अनुसार सिंचाई और गोभी की फसल में निराई-गुड़ाई करने की सलाह दी गयी है. कम तापमान और कोहरे के कारण टमाटर में झुलसा रोग की आशंका को देखते हुए किसानों को फसल पर नजर रखने को कहा गया है.

ठंड से पशुओं को बचाने की सलाह
पशुपालकों को ठंडी हवा से बचाव के लिए शेड के दरवाजे, खिड़कियां और खुली जगहें ढककर रखने की सलाह दी गई है. तीन महीने से बड़े बछड़ों और दो महीने से बड़ी भेड़-बकरियों को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव का टीका लगवाने और पशुओं को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया है.

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!