मड़ई में 92 आवेदन, कलेक्टर ने मौके पर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं; अतिक्रमण हटाने से लेकर राजस्व और शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर दिए कड़े निर्देश…..
मैहर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत मड़ई में आयोजित जनविश्वास शिविर में कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समय-सीमा तय कर कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में ग्रामीणों के कुल 92 आवेदन प्राप्त हुए।

शिविर में ग्राम पोड़ी की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत सामने आने पर कलेक्टर ने तहसीलदार जितेंद्र पटेल को तत्काल अतिक्रमण हटाकर उसी दिन कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

शराब दुकान में निर्धारित एमआरपी से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत पर आबकारी अधिकारी को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले की सभी शराब दुकानों पर निर्धारित दरों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने को कहा गया।

राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पटवारियों को अपने-अपने हल्कों में नियमित रूप से उपस्थित रहने और तीन दिन में स्वामित्व रजिस्ट्री का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। समय-सीमा का पालन नहीं करने पर निलंबन की कार्रवाई की चेतावनी दी गई
ग्राम जीतनगर के मुआवजा प्रकरण में लंबे समय से भुगतान नहीं होने पर कलेक्टर ने नर्मदा विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता प्रखर सिंह के विरुद्ध निलंबन का प्रस्ताव संभागायुक्त को भेजने के निर्देश दिए।
वहीं शासकीय हाई स्कूल मड़ई में शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़ी शिकायत पर कलेक्टर ने प्राचार्य एवं शिक्षकों को विद्यालय से हटाने के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई तथा हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। चिकित्सा शिविर में 20 नागरिकों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।










