पूर्व सैनिक संगठन ने किया सम्मान, सेवाकाल में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के सहयोग के लिए जताया आभार..
सतना। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, सतना में छह वर्षों तक सेवाएं देने वाले कर्नल मुनिंद्र त्रिपाठी के सम्मान में चंद्रशेखर आजाद पूर्व सैनिक संगठन ने शुक्रवार को उमा रेजिडेंसी में विदाई समारोह आयोजित किया। कर्नल त्रिपाठी 30 नवंबर को अपनी वर्तमान जिम्मेदारी से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
समारोह में संगठन के संरक्षक सुरेश प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष सुनील सिंह परिहार, पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के प्रभारी कर्नल एस.एन. मिश्रा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
वक्ताओं ने कर्नल त्रिपाठी के छह वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान में सहयोगात्मक भूमिका निभाई। उनके सरल व्यवहार और संवेदनशील कार्यशैली की भी सराहना की गई।
सम्मान समारोह से कर्नल त्रिपाठी भावुक नजर आए। उन्होंने संगठन के प्रति आभार जताते हुए उसकी एकजुटता और कार्यशैली की प्रशंसा की तथा भविष्य में भी संगठन से जुड़े रहने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व सैनिकों ने वाहनों की कतार बनाकर कर्नल त्रिपाठी को भावभीनी विदाई दी। समारोह छह वर्षों के सेवाकाल में बने सम्मान और आत्मीय संबंधों की यादगार विदाई बन गया।