Edition

रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा का नया इंतजाम, 421 हाईटेक CCTV कैमरों से होगी निगरानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़.

वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन पर अब यात्रियों की सुरक्षा तीसरी आंख के पहरे में रहेगी। रेलवे स्टेशन के चप्पे-चप्पे पर 421 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें से करीब 150 कैमरे काम करना शुरू कर चुके हैं। इनकी निगरानी की जिम्मेदारी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को सौंपी गई है।

स्टेशन के पंचकूला की तरफ कंट्रोल रूम भी शुरू कर दिया गया है। रेलवे लैंड डेवलपमेंट अथारिटी (आरएलडीए) ने इसे आरपीएफ को हैंडओवर कर दिया है। कंट्रोल रूम से स्टेशन परिसर में लगे कैमरों के जरिये यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम पूरा होने के साथ ही शेष कैमरे भी चालू कर दिए जाएंगे। रेलवे स्टेशन के पूनर्विकास के बाद नई इमारत और आधुनिक सुविधाओं के संचालन की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंपने की तैयारी है। आरएलडीए ने इसके लिए टेंडर निकाला है। यह टेंडर करीब 124 करोड़ रुपये का है और जिस भी कंपनी को यह टेंडर मिलेगा वह नौ साल के लिए स्टेशन का कार्यभार संभालेगी। यह टेंडर 30 दिसंबर को खुलेगा।

नौ साल तक निजी कंपनी संभालेगी व्यवस्था
रेलवे स्टेशन की नई इमारत और आधुनिक सुविधाओं के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंपी जाएगी। आरएलडीए ने इसके लिए करीब 124 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। यह टेंडर 30 दिसंबर को खुलेगा। चयनित कंपनी 9 साल तक स्टेशन की व्यवस्थाएं संभालेगी। रेलवे टिकट और पार्सल बुकिंग को छोड़कर लगभग सभी सुविधाओं का प्रबंधन निजी कंपनी के पास रहेगा।

सफाई, पार्किंग और विज्ञापन तक की जिम्मेदारी
नई व्यवस्था में कंपनी को दो प्रमुख हिस्सों में काम करेगी। हाउसकीपिंग के तहत स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, वाशरूम और अन्य रखरखाव संबंधी काम होंगे। वहीं, रेवेन्यू प्रबंधन में क्लाक रूम, रिटायरिंग रूम, फूड कोर्ट, कैंटीन, पार्किंग और विज्ञापन जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। इससे स्टेशन की सुविधाओं के संचालन और रखरखाव के लिए एक अलग व्यवस्था विकसित होगी।

दोगुना हो सकता है प्लेटफार्म टिकट का दाम
स्टेशन के पुनर्विकास के बाद प्लेटफार्म टिकट की कीमत में भी बढ़ोतरी की संभावना है। फिलहाल यात्रियों को प्लेटफार्म टिकट के लिए 10 रुपये चुकाने पड़ते हैं। नई व्यवस्था लागू होने पर इसके 20 रुपये तक होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!