पन्ना के मनकी बीट में क्लच वायर के फंदे में फंसी बाघिन की मौत…

पन्ना जिले के उत्तर वन मंडल के मनकी बीट जंगल में क्लच वायर के फंदे में फंसने से एक बाघिन की मौत हो गई। गुरुवार को सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा मिला। वन विभाग ने शिकार की आशंका को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
गले में कई दिन से फंदा फंसे होने की आशंका…उत्तर वन मंडल के एसडीओ कृष्णा मरावी के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद वे वन परिक्षेत्र अधिकारी और स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शुरुआती जांच में बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा पाया गया। बाघिन युवा प्रतीत हो रही है। अधिकारियों को आशंका है कि फंदा कई दिन से फंसा होने के कारण वह शिकार नहीं कर पाई और भूख से उसकी मौत हुई।
शिकार के अपराध में दर्ज होगा मामला…एसडीओ ने कहा कि बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा मिलना गंभीर अपराध है। मामले को शिकार के अपराध के रूप में दर्ज किया जाएगा। वन विभाग फंदा लगाने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रहा है।
एम-स्ट्राइप्स डेटा से शावकों की जानकारी जुटाएगा विभाग…बाघिन के साथ शावक होने की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। एसडीओ के अनुसार, वन विभाग पुराने रिकॉर्ड और एम-स्ट्राइप्स (M-STrIPES) डेटा की मदद से पता लगाएगा कि बाघिन पहले शावकों के साथ देखी गई थी या नहीं। मामले की जांच जारी है।
#RewanchalRoshni #PannaNews #TigerConservation #WildlifeCrime #MadhyaPradeshNews









