सतना जिला पंचायत बैठक में हंगामा, DMF आवंटन पर विपक्ष का विरोध…

सतना। जिला पंचायत की सामान्य सम्मिलन बैठक गुरुवार को हंगामे और विरोध के बीच हुई। बैठक में विपक्षी सदस्यों ने जिला खनिज प्रतिष्ठान (DMF) की राशि के आवंटन में पक्षपात का आरोप लगाते हुए सदन में धरना दिया। सदस्यों का कहना था कि एजेंडे में केवल सत्ता पक्ष के सदस्यों के क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी गई है। विरोध के बीच विपक्ष के छह सदस्य बैठक छोड़कर बाहर चले गए।
अध्यक्ष से मांगा जवाब, सदन में हुई तीखी बहस…बैठक के दौरान विधायक प्रतिनिधि रितेश त्रिपाठी सहित विपक्षी सदस्य धरने पर बैठ गए। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल से एजेंडे और विकास कार्यों में राशि आवंटन को लेकर जवाब मांगा। जिला पंचायत सीईओ सपना त्रिपाठी ने सदस्यों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विरोध जारी रहा। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच तीखी बहस भी हुई।

DMF राशि के आवंटन में पक्षपात का आरोप…महिला सदस्य जान्हवी यादव, विमला कोल, लक्ष्मी मावाशी, एकता सिंह और सावित्री त्रिपाठी ने DMF राशि के वितरण में भेदभाव का आरोप लगाया। विपक्षी सदस्यों का दावा था कि कुछ क्षेत्रों में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के लिए राशि आवंटित की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों को अपेक्षित बजट नहीं मिला।
चार साल से गड़बड़ी का लगाया आरोप….विपक्षी सदस्यों ने जिला पंचायत में पिछले चार वर्षों से भ्रष्टाचार और पक्षपात होने का आरोप लगाते हुए विकास मदों में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का आधिकारिक जवाब सामने आना बाकी है।
दोपहर 12 बजे शुरू हुई बैठक शाम करीब 4:30 बजे तक चली। इस दौरान कई बार विरोध और धरने की स्थिति बनी। अंततः विरोध जताते हुए विपक्ष के छह सदस्य सदन से बाहर चले गए।
#SatnaNews #DistrictPanchayat #DMF #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









