Edition

अब निवेश के साथ स्थानीय रोजगार भी जरूरी, हिमाचल में उद्योगों के लिए नए नियम लागू

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिमला
 हिमाचल में औद्योगिक जमीन अब सिर्फ निवेश के बदले नहीं मिलेगी, इसके साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार देना भी अनिवार्य होगा।राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश भू-आवंटन, आवंटन एवं औद्योगिक विकास संशोधन विधेयक-2026 में 80 प्रतिशत हिमाचलियों को रोजगार देने की शर्त कानूनी रूप से शामिल करने का फैसला लिया है।उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने स्पष्ट किया कि उद्योगों को जमीन आवंटित करते समय ही निवेशकों को 80 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को नौकरी देने के समझौते पर हस्ताक्षर करने होंगे।

मंत्री के अनुसार, वर्ष 2019 की औद्योगिक नीति में पहले से ही 80 प्रतिशत स्थानीय रोजगार का प्रविधान है, लेकिन अब इसे केवल नीतिगत शर्त तक सीमित नहीं रखा जाएगा।नए कानून में इसे स्पष्ट रूप से शामिल किया जाएगा, ताकि उद्योग इसका पालन करने से बच न सकें। पहले 70 प्रतिशत रोजगार की शर्त थी, लेकिन नीति के स्तर पर इसका अनुपालन करवाना मुश्किल था।

कानून बनने के बाद हिमाचली युवाओं को अपने रोजगार के अधिकार के लिए न्यायालय जाने का रास्ता भी मिलेगा। हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि वर्ष 2018 का औद्योगिक क्षेत्र विकास अधिनियम आठ साल पुराना हो चुका है।

महाराष्ट्र (1961), कर्नाटक (1966), उत्तर प्रदेश (1976) और गोवा के औद्योगिक विकास कानूनों की तर्ज पर हिमाचल के कानून को समयानुरूप बदला जा रहा है।उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित युवा उपलब्ध करवाने के लिए आटीआई और बहुतकनीकी संस्थानों में फार्मा, टेक्सटाइल और फूड प्रोसेसिंग से जुड़े नए ट्रेड शुरू किए जाएंगे।

सरकार का लक्ष्य अगले तीन वर्ष में नए उद्योगों के माध्यम से 50 हजार से अधिक स्थानीय रोजगार सृजित करना है। सरकार का दावा है कि नए कानून से जमीन आवंटन की प्रक्रिया तेज होगी, विवाद कम होंगे और निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा।
वार्षिक ऑडिट, उल्लंघन पर जमीन भी जाएगी

नए प्रविधान के तहत प्रत्येक उद्योग क हर वर्ष स्थानीय युवाओं को दिए रोजगार का आडिट प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने पर पहले नोटिस, फिर जुर्माना और अंततः जमीन का आवंटन रद करने तक की कार्रवाई की जा सकेगी।

सरकार को उम्मीद है कि हरोली बल्क ड्रग पार्क में करीब 20 हजार रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा बद्दी-बरोटीवाला, कांगड़ा और मंडी के नए औद्योगिक क्षेत्रों में भी स्थानीय युवाओं के लिए नौकरियों के अवसर उपलब्ध होंगे।
प्रदेश में रोजगार कार्यालयों में 5.80 लाख बेरोजगार आवेदक पंजीकृत

प्रदेश में रोजगार की चुनौती के बीच जुलाई 2025 तक रोजगार कार्यालयों में 5,80,296 बेरोजगार आवेदक पंजीकृत थे। अपंजीकृत बेरोजगार युवाओं का आंकड़ा विभाग के पास उपलब्ध नहीं है। श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग के अनुसार, तीन वर्ष में 31 जुलाई 2025 तक सरकारी क्षेत्र में 9,441 नए रोजगार सृजित किए गए, जिनमें इस अवधि के दौरान 4,082 पद भरे गए। 31 दिसंबर 2025 तक सरकारी क्षेत्र में करीब 32,223 नौकरियां प्रदान की गईं। निजी क्षेत्र और स्वरोजगार के मोर्चे पर भी रोजगार उपलब्ध करवाने के आंकड़े सामने आए हैं।

 

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!