Edition

5 करोड़ का टेंडर, 5 किलोमीटर काम और फिर ठप: पांच साल से सतना-सेमरिया मार्ग बेहाल….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। सतना को सेमरिया से जोड़ने वाला करीब 35 किलोमीटर लंबा मुख्य मार्ग पिछले पांच वर्षों से बदहाल है। सड़क पर गड्ढे, धूल और अधूरे निर्माण के कारण इस मार्ग से जुड़े लाखों लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे गंभीर स्थिति यह है कि डामरीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये का टेंडर होने के बावजूद काम महज करीब 5 किलोमीटर तक हुआ और इसके बाद बंद हो गया।

जानकारी के अनुसार संतोषी माता तिराहे से अबेर तक करीब 25 किलोमीटर हिस्से में डामरीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था। ठेका कंपनी ने मई-जून में मॉडल हाउस से पवैया तक करीब 5 किलोमीटर सड़क पर डामर बिछाने के बाद काम बंद कर दिया। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद भी काम दोबारा शुरू नहीं हो सका है।

यह पहली बार नहीं है जब सड़क सुधार के नाम पर काम अधूरा रह गया हो। इससे पहले भी मार्ग के लिए एक-दो बार करीब 30 से 40 लाख रुपये के टेंडर जारी किए गए, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका।

गड्ढों और धूल से बढ़ी परेशानी….

सड़क की हालत खराब होने से बिरला कंपनी के यार्ड से बेरहा नदी तक कई हिस्सों में दिनभर धूल का गुबार बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। नेना-सगमानिया मार्ग, बाबूपुर से मॉडल हाउस तथा पवैया से कोटर के बीच सड़क की स्थिति खराब बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार जिन रास्तों पर सामान्य स्थिति में करीब आधे घंटे में सफर पूरा हो जाता था, वहां अब गड्ढों और खराब सड़क के कारण डेढ़ से दो घंटे तक लग रहे हैं। सड़क की बदहाली के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

हजारों वाहन रोज गुजरते, कई गांवों के लोग प्रभावित

सतना-सेमरिया मार्ग से कोटर, बिरसिंहपुर, सेमरिया, सिरमौर, अबेरिया, डभोरा, जवा, त्योथर सहित प्रयागराज जाने वाले लोग आवागमन करते हैं। बताया जाता है कि मार्ग से प्रतिदिन करीब 2 हजार बाइक और 3 हजार चार पहिया व भारी वाहन गुजरते हैं।

सड़क की हालत से परेशान कोटर क्षेत्र के कई वाहन चालक मटहना, रामस्थान, खमरिया और टिकरी जैसे वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेकर सतना पहुंच रहे हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त दूरी और समय दोनों खर्च करना पड़ रहा है।

बजट में मंजूरी के बाद भी काम की रफ्तार धीमी

बताया गया है कि वर्ष 2024-25 के बजट में मार्ग को स्वीकृति मिलने के बावजूद राशि आवंटन और निर्माण कार्य में देरी हुई। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि समय पर काम शुरू नहीं होने से सड़क की लागत बढ़ने के साथ आम लोगों की परेशानी भी बढ़ती गई।

मार्ग का राजनीतिक महत्व भी है। यह सतना सांसद गणेश सिंह के गृह क्षेत्र से जुड़ा है, जबकि रामपुर बाघेलान विधानसभा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा और चित्रकूट क्षेत्र से आने-जाने वाले लोग भी इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

पीडब्ल्यूडी बोला.. जल्द कराएंगे काम शुरू

पीडब्ल्यूडी संभाग रीवा के अधीक्षण यंत्री सरस्वती प्रसाद तिवारी ने बताया कि सतना-सेमरिया मार्ग विभाग की प्राथमिकता में है। आगामी दिनों में कार्यपालन यंत्री कार्यालय में बैठक कर सड़क की स्थिति और कार्य की जानकारी ली जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि डामरीकरण का टेंडर जारी है तो संबंधित ठेकेदार से जल्द काम शुरू कराया जाएगा।

बिरहुली ओवरब्रिज निर्माण अंतिम चरण में

उधर, बिरहुली ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर सेतु निर्माण विभाग के एसडीओ राजेश सिंह परिहार ने बताया कि निर्माण अंतिम चरण में है। सगमानिया की ओर का काम पूरा हो चुका है, जबकि बिरहुली की ओर करीब 10 प्रतिशत कार्य शेष है।

अधिकारी के अनुसार नवंबर के अंत तक शेष कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद सीसी सड़क की तराई और मजबूती के लिए करीब 10 से 15 दिन का समय दिया जाएगा। इसके बाद 15 दिसंबर तक पहले बाइक और छोटे वाहनों तथा बाद में भारी वाहनों के लिए ओवरब्रिज खोले जाने की उम्मीद है…..

अब देखना यह है कि पांच किलोमीटर के बाद थमा 5 करोड़ का काम कब दोबारा रफ्तार पकड़ता है और पांच साल से परेशान हजारों वाहन चालकों को कब इस सड़क से राहत मिलती है।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!