Edition

अंतिम यात्रा के लिए चार कंधे भी अब सेवा में, बदलते रिश्तों की तस्वीर दिखा रहा मोक्श वॉयेज का स्टॉल…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महानगरों में बदलते रिश्तों की तस्वीर: वाहन, पंडित, अंतिम संस्कार सामग्री से लेकर अस्थि विसर्जन तक की व्यवस्था का दावा…..

अमित मिश्रा/सतना।

नई दिल्ली। महानगरों में बदलती जीवनशैली और रिश्तों के बीच बढ़ती दूरी का एक अलग पहलू भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में देखने को मिल रहा है। हॉल नंबर 7A में Moksh Voyage का स्टॉल अंतिम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं को सेवा के रूप में उपलब्ध कराने का दावा कर रहा है।

कंपनी के अनुसार, अंतिम यात्रा के लिए वाहन, चार कंधे, पंडित, अंतिम संस्कार की सामग्री, धार्मिक अनुष्ठान, फूलों की सजावट, अस्थि संग्रह से लेकर अस्थि विसर्जन के लिए नाव और घाट की व्यवस्था तक उपलब्ध कराई जाती है। कंपनी का दावा है कि अब तक 300 से अधिक लोग इसके लिए पंजीयन करा चुके हैं।

नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड की पहल Moksh Voyage दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कुछ शहरों में सेवाएं देने की बात कहती है। कंपनी के अनुसार इसका उद्देश्य किसी अपने को खोने वाले परिवार को अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं के लिए होने वाली भागदौड़ से राहत देना है।

कंपनी के निदेशक विश्व कंदर्प के अनुसार, कुछ लोग अपने जीवनकाल में ही अंतिम विदाई की व्यवस्था के लिए पंजीयन करा रहे हैं। उनका कहना है कि कई बुजुर्गों को यह चिंता रहती है कि उनके बच्चे उनके लिए पर्याप्त समय नहीं निकाल पाते।

कंपनी के मुताबिक विदेश में मृत्यु होने की स्थिति में पार्थिव शरीर को भारत लाने तथा आगे अस्थि संबंधी व्यवस्थाओं में भी सहयोग दिया जाता है।

चार कंधों की सेवा ने खड़ा कर दिया एक बड़ा सवाल !…. यह खबर सिर्फ एक नई सेवा की जानकारी भर नहीं है। इसके पीछे हमारे बदलते समाज की एक ऐसी तस्वीर भी दिखाई देती है, जिस पर हमें थोड़ा रुककर सोचना चाहिए।

हम अपने बच्चों का भविष्य बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। अच्छी पढ़ाई हो, बड़ा करियर बने, खूब पैसा कमाए, समाज में नाम हो, हर माता-पिता की यही इच्छा होती है। लेकिन इस दौड़ में कहीं ऐसा तो नहीं कि बच्चे का भविष्य बनाते-बनाते हम उसके संस्कार पीछे छोड़ते जा रहे हैं।

हम बच्चों को आगे बढ़ना तो सिखा रहे हैं, लेकिन क्या हम उन्हें यह भी सिखा रहे हैं कि आगे बढ़ने के साथ पीछे छूटते लोगों का हाथ कैसे पकड़ा जाता है?

आज शहरों में जिंदगी बहुत तेज है। लोगों के पास काम के लिए समय है, मोबाइल के लिए समय है, सोशल मीडिया के लिए समय है, लेकिन कभी-कभी अपने ही माता-पिता के पास बैठने के लिए समय नहीं बचता। रिश्ते भी कई बार जरूरत और फायदे के हिसाब से मजबूत होते दिखाई देते हैं।

जिससे काम है, उससे संपर्क बना रहता है। जिससे कोई आर्थिक या सामाजिक फायदा है, उससे रिश्ते निभाए जाते हैं। लेकिन जिससे सिर्फ अपनापन मिलता है, जिसके साथ सिर्फ सुख-दुख बांटना है, उसके लिए समय निकालना मुश्किल होता जा रहा है। यही वजह है कि आज चार कंधों की व्यवस्था भी सेवा का हिस्सा बनती दिखाई दे रही है।

हालांकि गांवों की तस्वीर अभी पूरी तरह ऐसी नहीं हुई है। आर्थिक रूप से कम साधन होने के बावजूद गांवों में सामाजिक संपन्नता आज भी दिखाई देती है। किसी घर में खुशी हो तो लोग पहुंचते हैं और किसी के घर दुख हो जाए तो पूरा गांव खड़ा हो जाता है।

वहां किसी के अंतिम संस्कार में जाने से पहले यह हिसाब नहीं लगाया जाता कि वहां जाने से हमें क्या मिलेगा। दुख अपना हो या दूसरे का, लोग पहुंच जाते हैं। कोई कंधा देता है, कोई लकड़ी जुटाता है, कोई घर संभालता है और कोई सिर्फ पास बैठकर परिवार को यह भरोसा देता है कि हम हैं, चिंता मत करो।

शायद यही वह चीज है जिसे पैसे से नहीं खरीदा जा सकता… आज हमारे पास पहले से ज्यादा सुविधाएं हैं, लेकिन क्या हमारे पास पहले जैसे रिश्ते भी हैं? यह सवाल इसलिए भी जरूरी है क्योंकि बच्चे वही सीखते हैं जो वे अपने माता-पिता को करते हुए देखते हैं।

अगर हम उन्हें हर समय सिर्फ कमाई, सफलता और आगे निकलने की बात बताएंगे, तो वे भी जिंदगी को उसी नजर से देखेंगे। लेकिन अगर उन्हें यह भी सिखाएंगे कि किसी के दुख में खड़ा होना, बुजुर्गों के पास बैठना, पड़ोसी का हाल पूछना और बिना किसी मतलब के किसी का साथ देना भी जिंदगी की सफलता है, तो शायद आने वाला समाज थोड़ा ज्यादा इंसानी होगा।

संपन्नता सिर्फ बैंक खाते में पैसा बढ़ने का नाम नहीं है। असली संपन्नता तो तब है, जब मुश्किल वक्त में आपके अपने लोग आपके पास खड़े हों।

आज की इस खबर में सबसे बड़ा सवाल शायद यही छिपा है, हम अपने बच्चों को इतना सफल तो बना रहे हैं कि वे अपना भविष्य संभाल सकें, लेकिन क्या उन्हें इतना संस्कारी भी बना रहे हैं कि वे अपने लोगों का वर्तमान संभाल सकें?

क्योंकि जिंदगी का आखिरी सफर किसी के लिए भी टलने वाला नहीं है। उस दिन न बड़ा पद काम आएगा, न पैसा, न दिखावा। काम आएंगे तो वही रिश्ते, जिन्हें हमने जिंदगी भर समय दिया होगा।

और अगर चार कंधों के लिए भी व्यवस्था बाहर से करनी पड़े, तो शायद कमी पैसों की नहीं, रिश्तों की हो चुकी है।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!