सतना। शहर के अशोक बाजार, पुरानी गल्ला मंडी और पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास स्थित क्षेत्र के पुनर्विकास की तैयारी तेज हो गई है। नगर निगम ने अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) के तहत तीनों बाजारों के लिए 337 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की है। सोमवार को निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने तीनों स्थलों का निरीक्षण कर प्रस्तावित निर्माण और मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

परियोजना में 353 दुकानें, 165 वेंडिंग स्पेस और पार्किंग सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। परियोजना से प्रभावित मौजूदा दुकानदारों को नए व्यावसायिक परिसरों में दुकान आवंटन के दौरान प्राथमिकता देने का प्रावधान भी रखा गया है।

योजना के तहत तीनों स्थानों पर 43 आवासीय इकाइयों के साथ करीब 200 चारपहिया और 150 दोपहिया वाहनों की पार्किंग बनाई जाएगी। इससे सड़क किनारे वाहनों के दबाव और यातायात की समस्या कम होने की उम्मीद है।










