Edition

रीवा में 27 नवंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, 15 जिलों के 3500 युवा होंगे शामिल; फिजिकल और मेडिकल टेस्ट की तैयारी पूरी…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रीवा में 27 नवंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, 15 जिलों के 3500 युवा होंगे शामिल; फिजिकल और मेडिकल टेस्ट की तैयारी पूरी…

रीवा। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए रीवा में 27 नवंबर से भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया 5 दिसंबर तक चलेगी। भर्ती में लिखित परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके मध्यप्रदेश के 15 जिलों के करीब 3,500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

भर्ती प्रक्रिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आईटीआई परिसर में आयोजित होगी। इस दौरान अभ्यर्थियों का शारीरिक दक्षता परीक्षण (फिजिकल टेस्ट), मेडिकल जांच और जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा पहले ही ऑनलाइन माध्यम से पूरी हो चुकी है। अब सफल उम्मीदवार भर्ती के अगले चरण में शामिल होंगे।

15 जिलों के अभ्यर्थियों को मिला मौका…इस भर्ती रैली में रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, कटनी, जबलपुर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट, सिवनी और डिंडौरी जिले के युवा शामिल होंगे।

सीईओ जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा के मुताबिक, प्रतिदिन करीब 550 अभ्यर्थियों का फिजिकल और मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा। इस दौरान अंकसूची, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच होगी।

भर्ती के लिए विभागों को सौंपी जिम्मेदारी…भर्ती रैली को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उप संचालक रोजगार और जिला खेल अधिकारी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। नगर निगम को पेयजल और साफ-सफाई की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि ई-गवर्नेंस विभाग कंप्यूटर और ऑपरेटर उपलब्ध कराएगा।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मैदान में पानी का छिड़काव, रोलर चलाने और बैरिकेडिंग की व्यवस्था लोक निर्माण विभाग करेगा। वहीं आईटीआई परिसर में इंटरनेट सुविधा और एथलेटिक्स ट्रैक पर पर्याप्त रोशनी का इंतजाम किया जा रहा है।

सेना के 150 सदस्यों और अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था…भर्ती प्रक्रिया के लिए आने वाली सेना की टीम के करीब 150 सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था आईटीआई छात्रावास और नवनिर्मित दिव्यांग छात्रावास में की जाएगी। उनके लिए भोजन, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए शिक्षा महाविद्यालय का हॉल निर्धारित किया गया है। इसके अलावा मेडिकल टीम के साथ दो एंबुलेंस तैनात रहेंगी। भर्ती के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी दी गई है।

#AgniveerRecruitment #RewaNews #ArmyRecruitment #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!