रीवा के रोझौही में परमाणु परियोजना के विरोध में चिता आंदोलन जारी, कड़ाके की ठंड में रातभर डटे रहे ग्रामीण…

रीवा। जिले की सिरमौर तहसील के रोझौही गांव में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों का चिता आंदोलन लगातार जारी है। कड़ाके की ठंड के बावजूद आंदोलनकारी रातभर प्रतीकात्मक चिताओं पर बैठे और लेटे रहे। प्रशासन की ओर से आंदोलन समाप्त कराने के लिए की जा रही समझाइश का अब तक कोई असर नहीं हुआ है। ग्रामीण परियोजना निरस्त करने की मांग पर अड़े हुए हैं।
आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक प्रस्तावित परमाणु बिजलीघर परियोजना को रद्द करने का ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। आंदोलन का नेतृत्व रामशिरोमणि कोल, रामकरण प्रजापति, रामसुजान कोल और मानफेर कोल सहित अन्य ग्रामीण कर रहे हैं। आसपास के गांवों के लोग भी इस आंदोलन को समर्थन दे रहे हैं।
ग्रामसभा के फैसले के बाद भी गतिविधियां बढ़ने का आरोप…ग्रामीणों के मुताबिक, 3 सितंबर को सरई कला ग्रामसभा में प्रस्तावित परियोजना के विरोध में निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद 9 अक्टूबर को साइट की प्रारंभिक जांच के लिए बोरिंग मशीनें पहुंचाई गईं। ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए काम रुकवा दिया था।
आंदोलनकारियों को आशंका है कि परमाणु बिजलीघर परियोजना से उनकी खेती, जलस्रोत, जंगल और पर्यावरण प्रभावित हो सकते हैं। साथ ही पुश्तैनी जमीन छिनने और विस्थापन की चिंता भी ग्रामीणों को सता रही है।
विमला कोल की मौत के बाद आंदोलन ने पकड़ा जोर…आंदोलन के दौरान जल सत्याग्रह कर रही आदिवासी महिला विमला कोल की मौत के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई थी। इससे पहले प्रशासन की ओर से आंदोलनकारियों को 10 दिनों तक परियोजना से संबंधित गतिविधियां नहीं होने का मौखिक आश्वासन दिया गया था। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें केवल मौखिक आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित आदेश और परियोजना निरस्त करने का निर्णय चाहिए।
डिप्टी सीएम ने सभी पहलुओं पर विचार की बात कही…उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भी परियोजना के संबंध में कहा है कि इसके फायदे और नुकसान सहित सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। वहीं, प्रशासन ग्रामीणों से लगातार संपर्क कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहा है।
फिलहाल रोझौही में विरोध प्रदर्शन जारी है। ग्रामीणों की मांग है कि उनकी सहमति, ग्रामसभा के फैसले और पर्यावरण से जुड़े सवालों पर गंभीरता से विचार करने के बाद ही परियोजना को लेकर आगे कदम उठाए जाएं।
#RewaNews #NuclearPowerProject #RewaUpdate #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









