कर्मभूमि एक्सप्रेस पर पथराव, जनरल कोच में बैठे यात्री की आंख के ऊपर लगा पत्थर; सतना जिला अस्पताल में भर्ती..

सतना। एलटीटी से रक्सौल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस पर रविवार को कटनी से रवाना होने के बाद आउटर क्षेत्र में पथराव की घटना सामने आई। इस दौरान जनरल कोच में सफर कर रहे 50 वर्षीय यात्री प्रमोद पासवान पत्थर लगने से घायल हो गए। पत्थर उनकी आंख के ऊपर लगा, जिससे गंभीर चोट आई। ट्रेन के सतना स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और रेलवे के कमर्शियल विभाग की टीम ने उन्हें नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, कर्मभूमि एक्सप्रेस रविवार दोपहर कटनी स्टेशन से रवाना हुई थी। इसके बाद आउटर क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने की घटना हुई। इसी दौरान एक पत्थर जनरल कोच में बैठे प्रमोद पासवान (50), पिता रामस्वार्थ पासवान, निवासी सीतामढ़ी को लग गया। चोट लगने से उनकी आंख के ऊपर घाव हो गया।
सतना स्टेशन पर घायल यात्री को उतारा…घटना की जानकारी मिलने के बाद सतना स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही आरपीएफ और कमर्शियल विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए। घायल यात्री को ट्रेन से उतारकर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद आरपीएफ की टीम उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
पथराव करने वालों की तलाश में आरपीएफ की गश्त बढ़ी…घटना के बाद कटनी आरपीएफ ने संबंधित आउटर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी है। ट्रेन पर पथराव करने वालों की तलाश की जा रही है। हालांकि, घायल यात्री भी स्पष्ट रूप से यह नहीं बता सके कि उन्हें किस वस्तु से चोट लगी थी। रेलवे सुरक्षा बल घटना के संबंध में जानकारी जुटाकर जांच कर रहा है।
#SatnaNews #KarmabhoomiExpress #RailwayNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









