सतना में आधी रात घर में घुसकर चाचा और दो भतीजों पर हंसिए से हमला, तीनों गंभीर….

सतना। जिले के ग्राम उसरार में रविवार देर रात सनसनीखेज हमला हुआ। घर के अंदर सो रहे चाचा और उनके दो भतीजों पर गांव के ही एक युवक ने धान काटने वाले हंसिए से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए रीवा रेफर कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम उसरार निवासी कृष्णपद राय अपने दो भतीजों दिवांस राय और प्रभास राय के साथ रविवार रात घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे गांव का ही राजेश शर्मा कथित तौर पर नशे की हालत में उनके घर में घुस आया। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, आरोपी ने हंसिए से तीनों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई।
हमले की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं…परिवार के सदस्य कृष्णदत्त राय के मुताबिक, आरोपी राजेश शर्मा नशे का आदी है। परिवार का उसके साथ कोई पुराना विवाद भी नहीं था। इसके बावजूद उसने घर में घुसकर सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। घटना के बाद शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। बाद में पुलिस को सूचना देकर उसे सुपुर्द कर दिया गया।
तीनों घायलों को रीवा किया गया रेफर…घटना के बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए पहले नागौद अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल सतना भेजा गया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए तीनों को संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया।
इधर, सिंहपुर थाना पुलिस ने आरोपी राजेश शर्मा को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
#SatnaNews #CrimeNews #MadhyaPradeshNews #RewaNews #RewanchalRoshni









