Edition

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर विशेष अभियान आज से, घर बैठे ऐसे चेक करें वोटर लिस्ट और मतदान केंद्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ
आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं, नाम और पते में कोई गलती तो नहीं है? इसकी जांच करने का मौका शनिवार व रविवार को मिलेगा। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत प्रदेशभर के मतदान केंद्रों पर पहला विशेष अभियान शनिवार को आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) ड्राफ्ट मतदाता सूची और विभिन्न फार्मों के साथ मौजूद रहेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग ने एसएसआर के तहत सभी बूथों पर चार दिन विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। शनिवार-रविवार के बाद 28- 29 नवंबर को भी विशेष अभियान दिवस होंगे।

इन दिनों बीएलओ बूथ पर रहकर मतदाताओं को सूची से जुड़ी जानकारी देंगे और आवेदन की प्रक्रिया में मदद करेंगे। सभी पात्र नागरिक सहित एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरा करने वाले युवा भी मतदाता बनने के आवेदन कर सकेंगे।

एसएसआर के पहले विशेष अभियान में बूथों पर मिलेंगे बीएलओ
मतदाता सूची में नाम, उम्र, पता या अन्य विवरण की गड़बड़ी को भी विशेष अभियान में ठीक कराया जा सकेगा। अब दूसरे स्थान पर रहने वाले मतदाता पते में बदलाव के लिए भी आवेदन कर सकेंगे। मृत या स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए भी तय प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष अभियान के दौरान मतदान केंद्र पर मतदाता सूची में परिवार सहित अपना नाम जरूर जांच लें। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को हिदायत दी है कि विशेष अभियान में लापरवाही न बरती जाए।

ऐसे पता करें अपना मतदान केंद्र व बूथ
    मतदाता मोबाइल फोन से अपना मतदान केंद्र और बूथ संख्या पता कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट (https://voters.eci.gov.in) खोलें।
    'सर्च योर नेम इन वोटर लिस्ट विकल्प पर क्लिक करें।
    वोटर आईडी नंबर डालकर उत्तर प्रदेश का चयन करें। कैप्चा भरकर सर्च करें।
    स्क्रीन पर विधानसभा क्षेत्र, मतदान केंद्र का नाम और बूथ संख्या की जानकारी मिल जाएगी।
    एपिक नंबर नहीं है तो नाम, पिता या पति का नाम, उम्र और जिले को भरकर भी खोज सकते हैं।
    मोबाइल फोन पर वोटर हेल्पलाइन एप के जरिये भी मतदान केंद्र पता कर सकते हैं।
    वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 से भी जानकारी ले सकते हैं।

शादी के बाद मायके की वोटर लिस्ट में नाम तो ससुराल में कराएं ट्रांसफर
शादी के बाद बेटियां अपना वोट डालने के अधिकार से वंचित न रहें, इसके लिए वह मतदाता सूची में अपना पता बदलवा लें। ससुराल में रहने पर बेटियों को अपने मतदाता पंजीकरण का स्थान ससुराल के पते पर स्थानांतरित कराने के लिए प्रमाणपत्र के साथ फॉर्म-8 भरना होगा। इसके अलावा यदि मायके की सूची से नाम कट चुका है तो ससुराल के पते पर नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा।

 

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!