Edition

सुनंदा शर्मा के कार्यक्रम में अव्यवस्थाओं का आरोप, विट्स कॉलेज प्रबंधन की तैयारियों पर उठे सवाल…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हजारों की भीड़ के बीच बिगड़ी व्यवस्था, गेट बंद होने से मची अफरा-तफरी…..

शाम 5 बजे से सिविल लाइन-पतेरी मार्ग पर भी भारी भीड़ से लोग परेशान…..

सतना। प्रसिद्ध गायिका सुनंदा शर्मा के कार्यक्रम को लेकर विट्स कॉलेज प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। आरोप है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों को आमंत्रित किया गया, लेकिन भीड़ के अनुरूप प्रवेश, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी।

कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही शाम करीब 5 बजे से सिविल लाइन से लेकर पतेरी चौराहे तक भारी भीड़ और वाहनों के दबाव के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। सड़क पर आवाजाही प्रभावित होने से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कार्यक्रम स्थल पर भी स्थिति उस समय बिगड़ती नजर आई, जब मैदान भर जाने के बाद गेट बंद कर दिए गए। बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ में धक्का-मुक्की और गेट पर चढ़ने तथा उसे हिलाने की स्थिति बन गई। गेट खुलने के बाद भीड़ का दबाव अचानक बढ़ा और कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई।

गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, घटना ने बड़े आयोजनों में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों पर सवाल जरूर खड़े कर दिए।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि कार्यक्रम में संभावित भीड़ का आकलन पहले से क्यों नहीं किया गया? यदि आयोजन स्थल की क्षमता सीमित थी तो प्रवेश व्यवस्था और बाहर जमा होने वाली भीड़ के लिए वैकल्पिक इंतजाम क्यों नहीं किए गए? साथ ही, कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी पर्याप्त तैयारी क्यों नहीं दिखाई दी? ऐसे बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में आयोजक और संबंधित प्रबंधन की जिम्मेदारी होती है कि प्रवेश, निकास, सुरक्षा, पार्किंग और यातायात की व्यवस्था भीड़ के अनुपात में सुनिश्चित की जाए।

अब यह देखना होगा कि कार्यक्रम में हुई अव्यवस्थाओं को लेकर विट्स कॉलेज प्रबंधन क्या स्पष्टीकरण देता है और प्रशासन जिम्मेदारों पर क्या कार्यवाही करता है, वहीं भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए  क्या कदम उठाए जाते हैं।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!