हॉकी के रोमांच के साथ दुनिया देखेगी मध्यप्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति
भोपाल में सजेगा अनूठा ‘खेल गांव’, जहां जीवंत होंगी ग्रामीण परंपराएं और शिल्प कलाएं
6 एशियाई देशों की महिला हॉकी खिलाड़ियों और विदेशी मेहमानों को मिलेगा मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर
भोपाल
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी के रोमांच के साथ प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं और ग्रामीण जीवन की अनूठी झलक भी देखने को मिलेगी। महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के अवसर पर नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में विशेष ‘खेल गांव’ (फैन विलेज) विकसित किया जा रहा है। यहां मध्यप्रदेश के पारंपरिक ग्रामीण परिवेश को जीवंत स्वरूप दिया जाएगा, जहां देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ी, खेलप्रेमी और अतिथि प्रदेश की लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और ग्रामीण जीवन की आत्मीयता का अनुभव कर सकेंगे।
भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी टीमें भाग लेंगी। लगभग 150 अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी में भोपाल न केवल एशियाई महिला हॉकी का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक कलाओं को वैश्विक पहचान दिलाने का मंच भी बनेगा।
खेल गांव में जीवंत होगी मध्यप्रदेश के गांवों की आत्मा
खेल परिसर में तैयार किए जा रहे खेल गांव की परिकल्पना मध्यप्रदेश के पारंपरिक गांवों की जीवनशैली पर आधारित है। यहां ग्रामीण परिवेश, लोककलाओं, पारंपरिक शिल्प और हस्तनिर्मित वस्तुओं के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को प्रस्तुत किया जाएगा। विशेष आकर्षण यह होगा कि यहां लोककलाएं केवल प्रदर्शित नहीं होंगी, बल्कि कलाकार और शिल्पकार अपनी कला का सजीव प्रदर्शन भी करेंगे। आगंतुक मिट्टी से आकार लेते बर्तन, पारंपरिक हस्तशिल्प और पीढ़ियों से चली आ रही कारीगरी को नजदीक से देख सकेंगे।
प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आने वाले शिल्पकार अपनी कलाकृतियों के निर्माण की प्रक्रिया और उनसे जुड़ी परंपराओं की जानकारी भी देंगे। इससे विदेशी खिलाड़ियों और अतिथियों को मध्यप्रदेश की ग्रामीण संस्कृति को समझने के साथ स्थानीय कलाकारों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।
खेल प्रतिभाओं के साथ लोक कलाकारों को भी मिलेगा अंतर्राष्ट्रीय मंच
खेल गांव के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों और आगंतुकों को मध्यप्रदेश के ग्रामीण जीवन, पारंपरिक कलाओं और हस्तशिल्प की समृद्ध विरासत से परिचित कराया जाएगा। यह पहल खेल प्रतियोगिता को सांस्कृतिक अनुभव से जोड़ने के साथ प्रदेश के स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करेगी।
खेल गांव में आने वाले विदेशी मेहमान मध्यप्रदेश की उन कलात्मक परंपराओं को करीब से जान सकेंगे, जिन्हें ग्रामीण समुदायों और शिल्पकार परिवारों ने पीढ़ियों से संरक्षित किया है। यह आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और प्रदेश की सांस्कृतिक विशेषताओं को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
खेल और संस्कृति का संगम बनेगा भोपाल
हॉकी की गौरवशाली परंपरा के लिए प्रसिद्ध भोपाल में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन प्रदेश की आधुनिक खेल अधोसंरचना और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी की क्षमता को प्रदर्शित करेगा। वहीं खेल गांव मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। एक ओर हॉकी मैदान पर एशिया की शीर्ष महिला टीमें अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन करेंगी, तो दूसरी ओर खेल गांव में मध्यप्रदेश की मिट्टी की सौंधी महक, लोकजीवन की सहजता और शिल्पकारों की रचनात्मकता विदेशी मेहमानों को आकर्षित करेगी।








