Edition

नए साल में राजस्थान रोडवेज की बड़ी तैयारी, 5412 बसों से सफर आसान; रोजाना 4.60 लाख यात्रियों को राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जयपुर
निजी बसों को टक्कर देने के लिए राजस्थान रोडवेज नए साल में मजबूत स्थिति में नजर आएगी। आठ साल के लंबे अंतराल के बाद रोडवेज का बस बेड़ा पांच हजार का आंकड़ा पार करने जा रहा है। दिसंबर और जनवरी में निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक, एसी, स्लीपर, ब्लू लाइन और सामान्य श्रेणी की 1900 बसें शामिल होंगी।

इससे वर्तमान में 3512 बसों का बेड़ा बढ़कर 5412 बसों का हो जाएगा। यानी बसों की संख्या में करीब 54.1 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। वर्ष 2017-18 के बाद पहली बार रोडवेज के पास इतनी बड़ी संख्या में बसें होंगी। इसके अलावा 149 अतिरिक्त डीजल बसों की खरीद प्रक्रिया हाल ही शुरू हुई है। इन्हें अगर शामिल करें तो नई बसों की संख्या 2 हजार पार पहुंच जाएगी।

रोज 4.60 लाख अतिरिक्त यात्रियों को राहत
वर्तमान में रोडवेज की बसों में प्रतिदिन औसतन 8.50 लाख यात्री सफर करते हैं। बसों की संख्या के अनुपात में यात्री भार भी बढ़ता है तो रोजाना करीब 4.60 लाख अतिरिक्त यात्री सफर कर सकेंगे। इस तरह कुल यात्री भार 13.10 लाख प्रतिदिन तक पहुंच सकता है। इससे त्योहारों, छुट्टियों और शादी-विवाह के सीजन में बसों की उपलब्धता बढ़ेगी। यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

संचालन में 7.47 लाख किमी की रोजाना बढ़ोतरी
वर्तमान में रोडवेज की बसें प्रतिदिन औसतन 13.80 लाख किलोमीटर चलती हैं। 1900 नई बसें जुड़ने के बाद इसमें करीब 7.47 लाख किलोमीटर प्रतिदिन की बढ़ोतरी हो सकती है। कुल संचालन 21.27 लाख किलोमीटर प्रतिदिन तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं निगम की दैनिक आय 6.50 करोड़ रुपए से बढ़कर करीब 10.01 करोड़ रुपए हो सकती है।

कब-कब आएंगी बसें
-15 दिसंबर 2026 तक 1650 बसें (संभावित)
-31 जनवरी 2027 तक शेष 250 इलेक्ट्रिक बसें
-149 डीजल बस… निविदा प्रक्रिया जारी

बीते दो साल में बेड़े में 1535 बसें शामिल
कुल बसें: 1535
ब्लू लाइन बसें: 1223
वोल्वो बसें: 12
एसी बसें (2X2): 28
नॉन एसी बसें (2X2): 118
अन्य श्रेणी बसें: 154

मजबूत होगा सार्वजनिक परिवहन
राजस्थान रोडवेज के बेडे में नई बसें शामिल होने से प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। दिसंबर और जनवरी तक चरणबद्ध तरीके से 1900 बसें बेड़े में शामिल होने जा रही हैं। नई बसों के आने से ग्रामीण क्षेत्रों के साथ लंबी दूरी के मार्गों पर भी सेवाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी।
-पुरुषोत्तम शर्मा, एमडी रोडवेज

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!