Edition

पारिवारिक विवाद का खौफनाक चेहरा: छत पर मजदूर की बेरहमी से पिटाई, पत्नी गिड़गिड़ाती रही, वीडियो वायरल…….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

नागौद, सतना। पारिवारिक और संपत्ति विवाद का एक शर्मनाक और संवेदनशील मामला नागौद से सामने आया है, जहां दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद का शिकार एक निर्दोष मजदूर बन गया। निर्माण कार्य के दौरान छत पर मजदूरी कर रहे व्यक्ति के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई, जबकि उसकी पत्नी हाथ जोड़कर आरोपियों से पति को छोड़ देने की मिन्नतें करती रही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार नागौद बस स्टैंड चौराहे के समीप स्थित एक बुक सेंटर की दुकान की छत पर रिपेयरिंग और पेड़ की छंटाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूर धीरू चौधरी अपने काम में जुटा हुआ था। बताया जाता है कि दुकान और संपत्ति को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी विवाद के बीच दूसरे पक्ष से जुड़े मनोज पोरवार नामक व्यक्ति कथित रूप से छत पर पहुंच गए और वहां मौजूद मजदूर से विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मजदूर की पत्नी लगातार रोते हुए आरोपियों से अपने पति को छोड़ देने की गुहार लगा रही है, लेकिन उसकी विनती का कोई असर नहीं पड़ता। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जिससे मानवीय संवेदनाओं पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही नागौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर विवाद को शांत कराया। पुलिस ने पीड़ित मजदूर और उसकी पत्नी के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में जांच में शामिल किया गया है।

 

पुलिस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। यदि जांच में मारपीट और उत्पीड़न के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवाद में एक मेहनतकश मजदूर को निशाना बनाना न केवल अमानवीय है बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती है। अब सभी की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें