मैहर में अज्ञात वाहन की टक्कर से पूर्व सरपंच की मौत, नाले में गिरी बाइक…

मैहर। अमरपाटन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार देर रात सड़क हादसे में ग्राम सुआ के पूर्व सरपंच गौकरण पटेल (45) की मौत हो गई। पर्सवाही नर्सरी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे निर्माणाधीन गहरी नाली में जा गिरी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गौकरण पटेल पिता तीरथ प्रसाद पटेल निवासी ग्राम सुआ गुरुवार रात खेत के काम के लिए हार्वेस्टर का पता करने निकले थे। इसी दौरान पर्सवाही नर्सरी के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गौकरण पटेल ग्राम पंचायत सुआ के पूर्व सरपंच रह चुके थे।
बाइक समेत नाली में गिरे, अस्पताल में मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाइक समेत नाली में गिरे गौकरण पटेल को बाहर निकाला। इसके बाद हाईवे एंबुलेंस 1033 की मदद से उन्हें सिविल अस्पताल अमरपाटन पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस…पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
#MaiharNews #RoadAccident #AmarpatanNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









