सतना में धवारी स्टेडियम के नामकरण पर विवाद, अर्जुन सिंह के नाम की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना….

सतना। शहर के धवारी स्टेडियम के नामकरण को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह के नाम पर स्टेडियम का नाम रखने की मांग को लेकर रॉयल राजपूत संगठन और सर्व समाज के लोगों ने नगर निगम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि मांग पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
ठंड के बीच प्रदर्शनकारी गद्दे और रजाई लेकर धरनास्थल पर पहुंचे हैं। उन्होंने मौके पर ही खाने-पीने और रात में ठहरने की व्यवस्था भी की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे अपनी मांग को लेकर लगातार धरने पर बैठे रहेंगे।
पूर्व महापौर की घोषणा का दिया हवाला….
आंदोलनकारी राजभान सिंह के मुताबिक, पूर्व महापौर ममता पांडे ने सार्वजनिक रूप से धवारी स्टेडियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के नाम पर रखने की घोषणा की थी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पहले की गई घोषणा को बदला नहीं जाना चाहिए और स्टेडियम का नाम अर्जुन सिंह के नाम पर ही रखा जाना चाहिए।
नामकरण के प्रस्ताव के बाद बढ़ा विवाद….
दरअसल, नगर निगम परिषद ने पिछले दिनों धवारी स्टेडियम का नाम महापौर योगेश ताम्रकार के दिवंगत पिता स्वर्गीय शंकर प्रसाद ताम्रकार के नाम पर रखने का प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद इस फैसले का विरोध शुरू हो गया।
गुरुवार दोपहर प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर धरना दिया था। शाम तक किसी जिम्मेदार अधिकारी से बातचीत नहीं होने के बाद उन्होंने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया। अब स्टेडियम के नामकरण को लेकर नगर निगम के फैसले और प्रदर्शनकारियों की मांग के बीच विवाद जारी है।
#SatnaNews #DhawariStadium #ArjunSingh #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









