सतना में ढाबा बंद होने पर सामान देने से इनकार, कर्मचारियों पर हमला; 4 घायल…

सतना के रीवा रोड स्थित कारगिल ढाबे में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक, ढाबा बंद होने के कारण कर्मचारियों ने कुछ युवकों को सामान देने से मना कर दिया था। इसके बाद युवकों ने कथित तौर पर तलवार, बेसबॉल बैट, लाठी-डंडों और बेल्ट से कर्मचारियों पर हमला कर दिया। घटना में चार कर्मचारी घायल हो गए।
सामान नहीं मिलने पर बढ़ा विवाद…बताया गया कि युवक ढाबे पर आइसक्रीम, सिगरेट, अंडाकरी और डिस्पोजल लेने पहुंचे थे। कर्मचारियों ने ढाबा बंद होने की बात कहते हुए सामान देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। इस दौरान ढाबे में भी तोड़फोड़ की गई।

चार कर्मचारी घायल, CCTV में घटना कैद…ढाबा संचालक रमेश सिंह उर्फ मिंटू के अनुसार, घटना की जानकारी उन्हें रात करीब 3:10 बजे कर्मचारियों के फोन से मिली। हमले में सुनील अहिरवार, सूरज सिंह गौड़, अंकित अहिरवार और निखिल अहिरवार घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक कर्मचारियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। कोलगवां थाना पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
#SatnaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #RewanchalRoshni #VindhyaNews









