सतना कलेक्ट्रेट में सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों का 4 घंटे प्रदर्शन, 200 मीटर रास्ते का मामला….

सतना जिले के कुड़िया गांव में करीब 200 मीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चले धरने में बच्चे, छात्र-छात्राएं, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हुए। ग्रामीणों ने कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
निजी जमीन के कारण अटका है सड़क निर्माण…ग्रामीणों के मुताबिक, ग्राम पंचायत बिहरा क्रमांक-2 और जनपद पंचायत रामपुर बाघेलान के अंतर्गत आने वाले कुड़िया गांव में करीब 200 मीटर सड़क नहीं बनी है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रवि सिंह की निजी जमीन के कारण सड़क निर्माण का काम रुका हुआ है। उनका कहना है कि सड़क को समतल करने के लिए जब भी जेसीबी मशीन पहुंचती है, जमीन में गड्ढे कर दिए जाते हैं, जिससे काम आगे नहीं बढ़ पाता।
कई बार आवेदन देने के बाद भी समाधान नहीं होने का आरोप…ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए वे कई बार प्रशासन को आवेदन दे चुके हैं। 27 अक्टूबर 2026 को भी आवेदन देकर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद डिप्टी कलेक्टर ने रामपुर बाघेलान एसडीएम को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने पहुंचे, लेकिन ग्रामीण कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
जांच और बातचीत के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन…प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि टीम भेजकर मौके की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। साथ ही निजी जमीन के मालिक से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
#SatnaNews #RoadConstruction #PublicIssues #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









