सड़को पर लगातार नजर आया वाहनों का काफिला……
सतना। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली कांग्रेस की वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली को लेकर सतना में भी हलचल तेज हो गई है।
महारैली में शामिल होने के लिए शनिवार को विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाहा के नेतृत्व में करीब 500 कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए। रीवा रोड स्थित सीताराम पेट्रोल पंप के पास एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं का काफिला 100 से अधिक चार पहिया वाहनों के साथ दिल्ली के लिए निकला। जिले के अलग-अलग ब्लॉक मुख्यालयों से भी कांग्रेस कार्यकर्ता निजी वाहनों से दिल्ली पहुंच रहे हैं। वहीं बीते दिन से ट्रेनों के माध्यम से भी सैकड़ों कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली रवाना हो चुके हैं।
दिल्ली जाने के लिए निकले वाहनों की लंबी कतार शहर में चर्चा का विषय बनी रही। सड़क पर लगातार गुजरती गाड़ियों को देखकर लोगों के बीच भी इस काफिले को लेकर चर्चा होती रही। कुछ लोगों का कहना था कि सतना से इतनी लंबी दूरी के लिए इस तरह का बड़ा काफिला पहली बार देखने को मिल रहा है।










