विंध्य विकास प्राधिकरण में खींचतान की चर्चा, अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से की जांच की मांग..

रीवा स्थित विंध्य विकास प्राधिकरण में अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति और उपाध्यक्ष अजय पटेल के बीच मतभेद का मामला सामने आया है। अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्राधिकरण के कामकाज और कुछ प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जांच कराने की मांग की है।
प्राधिकरण के कामकाज को लेकर जताई चिंता….मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में अध्यक्ष ने प्राधिकरण के विकास कार्यों, बजट आवंटन और प्रशासनिक गतिविधियों में कथित हस्तक्षेप का मुद्दा उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ मामलों में अधिकारियों पर दबाव बनाकर कार्यों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिकारियों और आदेशों की जांच की मांग..पत्र में शहडोल स्थित इंजीनियरिंग कार्यालय से जुड़े आदेशों, नियमों और सक्षम अधिकारियों की अनुमति की जांच कराने का अनुरोध किया गया है। अध्यक्ष ने कहा है कि प्राधिकरण की विकास योजनाओं और बजट से संबंधित प्रक्रियाएं नियमानुसार संचालित होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर अनियमितता मिलने पर उचित कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप का अनुरोध,पंचूलाल प्रजापति ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और प्राधिकरण के कामकाज को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन स्वतंत्र रूप से करने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया है।
फिलहाल इस मामले में अध्यक्ष की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र के माध्यम से शिकायत सामने आई है। प्राधिकरण के विकास कार्यों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।
#RewaNews #VindhyaNews #MadhyaPradeshNews #DevelopmentNews #RewanchalRoshni









