त्योहारों से पहले सतना के सज्जनपुर में खोवा-मिठाई दुकानों की जांच, 5 नमूने लैब भेजे; रिपोर्ट का इंतजार…

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सतना जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को विभाग की टीम ने सज्जनपुर में खोवा विक्रेताओं और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खोवे के तीन और बिक्री के लिए रखी मिठाइयों के दो नमूने लिए गए। सभी पांच नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।

कान्हा और माहेश्वरी स्वीट्स का किया निरीक्षण….कलेक्टर के निर्देश पर पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सज्जनपुर स्थित कान्हा स्वीट्स, माहेश्वरी स्वीट्स सहित एक अन्य खोवा विक्रेता की दुकान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध खोवा और मिठाइयों की गुणवत्ता की प्रारंभिक जांच भी की।
रैपिड टेस्ट किट से की गई शुरुआती जांच….निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रैपिड टेस्ट किट के माध्यम से खोवे की प्रारंभिक जांच की। इसमें स्टार्च, न्यूट्रलाइजर्स, माल्टोडेक्सट्रिन, नमक और शर्करा जैसे तत्वों की मौजूदगी की जांच की गई। इसके बाद खोवे और मिठाइयों के कुल पांच नमूने विस्तृत परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
लैब रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी गुणवत्ता…..खाद्य पदार्थों में मिलावट की स्थिति और गुणवत्ता को लेकर अंतिम निष्कर्ष प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
जिला प्रशासन के अनुसार, त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिठाई दुकानों और खाद्य पदार्थों के विक्रेताओं की जांच की जा रही है।
#SatnaNews #FoodSafety #AdulterationCheck #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









