सतना-चित्रकूट हाईवे पर अतिक्रमण हटाने पहुंचा प्रशासन, युवती छत पर चढ़ी; जमीन पर लेटकर विरोध, कुछ लोग हिरासत में…

सतना-चित्रकूट स्टेट हाईवे के हाटी मोड़ पर बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई। कार्रवाई का विरोध करते हुए एक युवती छत पर चढ़ गई, जबकि साहबलाल चौधरी नामक व्यक्ति जमीन पर लेट गया। कुछ महिलाओं ने भी विरोध किया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति संभाली और विरोध कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लिया।

हादसों की आशंका कम करने के लिए कार्रवाई….प्रशासन के अनुसार, हाटी मोड़ पर सड़क किनारे झाड़ियां, झुरमुट और निर्माण होने के कारण वाहन चालकों को रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता था। इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटने से सड़क की दृश्यता बेहतर होगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम राहुल सिलाडिया, नायब तहसीलदार सुजीत नागेश, राजस्व निरीक्षक तोतलाल बंसल सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी और सिविल लाइन थाना पुलिस मौजूद रही।
गुमटी में बिजली चोरी का मामला दर्ज…जांच के दौरान ‘बेबी साहेब कैंटीन’ के नाम से संचालित गुमटी में एलटी लाइन से कटिया डालकर बिजली का उपयोग किए जाने की बात सामने आई। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है।
इसके अलावा, गुमटी में घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल भी पाया गया। इस संबंध में कार्रवाई के लिए कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को पत्र लिखने की बात कही गई है।
सरकारी कार्य में बाधा डालने पर कार्रवाई की चेतावनी….प्रशासन ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का उद्देश्य सड़क पर आवागमन को सुरक्षित बनाना और दुर्घटनाओं की आशंका कम करना है। अधिकारियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार निवारक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
#SatnaNews #EncroachmentDrive #MadhyaPradeshNews #TrafficSafety #RewanchalRoshni









